छोटी सादड़ी क्षेत्र में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में तीन युवकों की जान चली गई, जबकि दो युवक गंभीर घायल हैं। घायलों का निंबाहेड़ा और चित्तौड़गढ़ में इलाज जारी है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
Rajasthan: यह दर्दनाक हादसा छोटी सादड़ी थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-56 पर तीन मुंडा चौराहे के पास बुधवार रात करीब 10 बजे हुआ। पुलिस के अनुसार, सेमरथली गांव निवासी हर्षित गोयल (30) और पंकज प्रजापत बाइक से होटल में खाना खाने गए थे। भोजन करने के बाद दोनों अपने गांव लौट रहे थे।
रात का समय होने के कारण सड़क पर आवागमन कम था, लेकिन चौराहे के पास अचानक सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकें उछलकर सड़क पर दूर जा गिरीं।
सामने से आ रही बाइक पर थे तीन युवक
दूसरी बाइक पर थानपुर निवासी राहुल मीणा, अनिल मीणा (17) और हरीश मीणा (16) सवार थे। ये तीनों प्रतापगढ़ की ओर से छोटी सादड़ी की तरफ आ रहे थे। तीन मुंडा चौराहे के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद सभी युवक सड़क पर दूर-दूर तक गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
हादसे में तीन की मौत

हादसे की जानकारी मिलते ही छोटी सादड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया। हर्षित गोयल और पंकज प्रजापत को उपजिला चिकित्सालय छोटी सादड़ी लाया गया, जहां डॉक्टरों ने हर्षित को मृत घोषित कर दिया। पंकज की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे चित्तौड़गढ़ रेफर कर दिया गया।
वहीं, राहुल मीणा, अनिल मीणा और हरीश मीणा को जिला चिकित्सालय निंबाहेड़ा ले जाया गया। इलाज के दौरान अनिल और हरीश की मौत हो गई। राहुल मीणा की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज निंबाहेड़ा जिला अस्पताल में चल रहा है।
विधायक पहुंचे अस्पताल
हादसे की सूचना मिलते ही निंबाहेड़ा विधायक श्रीचंद कृपलानी जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल राहुल मीणा की स्थिति की जानकारी ली और डॉक्टरों से बातचीत की। विधायक ने पीएमओ डॉ. राघव सिंह और नर्सिंग अधीक्षक जितेंद्र सिंघवी को घायल के बेहतर इलाज के निर्देश दिए।
वहीं, पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर परिजनों को सूचना दी। छोटी सादड़ी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर को हादसे की वजह माना जा रहा है।












