लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को देखते हुए संगठन में बड़ा फेरबदल किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा की है।
LJP Ram Vilas New Team: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी का ऐलान किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने नई टीम में अनुभवी नेताओं के साथ युवा चेहरों को भी अहम जिम्मेदारियां सौंपी हैं। संगठन में राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ-साथ कई राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों और विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रमुखों की नियुक्ति की गई है।
पार्टी की नई टीम को आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। नेतृत्व का फोकस संगठन को राज्य, जिला और बूथ स्तर तक सक्रिय करने पर है। पार्टी के मुताबिक, आने वाले समय में कई राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं, इसलिए नई नियुक्तियों के जरिए संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने की तैयारी है।
अब्दुल खालिक बने प्रधान महासचिव
नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में अब्दुल खालिक को राष्ट्रीय प्रधान महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि सांसद राजेश वर्मा को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है। मणिशंकर पांडेय, मो. शमीम एम हवा, वीरेंद्र प्रधान, कुंवर आसिम खान, डॉ. सत्यानंद शर्मा और कमला कुमारी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।ललित कुमार गौतम, हरमीत सिंह और एडवोकेट सरदार तारा सिंह को स्थायी आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।
राष्ट्रीय प्रधान सचिवों की सूची में मिथिलेश कुमार सिंह, विधायक राजू तिवारी, सांसद वीणा देवी, अजय कुमार, पंकज अरोड़ा, केपी चौधरी, वीरेंद्र विधुरी, डॉ. सुखातो ए सेमा, धीरेंद्र कुमार मुन्ना, विधान पार्षद अशरफ अंसारी, अरविंद कुमार सिंह और सी. विद्याधरन शामिल हैं।
युवा और महिला संगठनों को भी मिली जिम्मेदारी
पार्टी ने विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों में भी नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की है। प्रणब कुमार को राष्ट्रीय युवा प्रकोष्ठ का अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि चंद्रप्रभा भाटिया महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगी। अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ का अस्थायी प्रभार अब्दुल खालिक को दिया गया है। वहीं राजेश पासवान को जेएमएस का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है।
लीगल सेल की जिम्मेदारी एडवोकेट सुशील कुमार, किसान प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी धर्मेंद्र मिश्रा और सांसद शांभवी चौधरी को छात्र प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। व्यावसायिक प्रकोष्ठ की कमान अशोक कुमार वर्मा और पिछड़ा एवं अति पिछड़ा प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी प्रकाश चंद्रा को दी गई है। सोशल मीडिया संगठन को मजबूत करने के लिए नितेश कुमार सिंह को सोशल मीडिया कन्वेनर और अमित कुमार को संयुक्त सोशल मीडिया कन्वेनर नियुक्त किया गया है।

बिहार की कमान सुरेंद्र विवेक को
नई नियुक्तियों में बिहार पर विशेष ध्यान दिया गया है। पार्टी ने सुरेंद्र विवेक को बिहार प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। इसके अलावा देश के कई राज्यों में नए प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा की गई है। अंडमान-निकोबार में जी. नागेंद्रन, आंध्र प्रदेश में सत्यानारायणा चंदोलू, असम में अहमद अली अयूब, छत्तीसगढ़ में शरतचंद्र पांडेय, गुजरात में आशीष कुमार पटेल और हरियाणा में प्रवीण सब्बरवाल को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है।
नितिन चौहान को हिमाचल प्रदेश, रफीक मलिक को जम्मू-कश्मीर, जनार्दन पासवान को झारखंड, एमएस जगन्ना को कर्नाटक और अरुण केवी को केरल का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। मणिपुर, ओडिशा और पंजाब समेत अन्य राज्यों में भी संगठन की कमान नए नेताओं को सौंपी गई है। राजस्थान में प्रह्लाद सिंह पलदी, तमिलनाडु में के. मारण और तेलंगाना में विकास कोम्मीनेनी को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। मध्य प्रदेश का अस्थायी प्रभार अब्दुल खालिक को दिया गया है।
उत्तर प्रदेश में जोनवार संगठन पर जोर
उत्तर प्रदेश को लेकर पार्टी ने अलग रणनीति अपनाई है। राज्य को अलग-अलग क्षेत्रों में बांटकर संगठनात्मक जिम्मेदारियां तय की गई हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी राजीव पासी, पश्चिमी यूपी की पवन कुमार वर्मा और मध्य यूपी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी राजीव पासी को दी गई है। बुंदेलखंड की जिम्मेदारी प्रमोद मणि तिवारी को सौंपी गई है। उत्तराखंड, विदर्भ, पश्चिम बंगाल, लक्षद्वीप, नागालैंड, पुडुचेरी और अरुणाचल प्रदेश में भी प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं।
पार्टी ने अपनी मीडिया रणनीति को मजबूत करने के लिए 12 नेताओं को राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाया है। धीरेंद्र सिंह मुन्ना को राष्ट्रीय मीडिया संयोजक नियुक्त किया गया है। सांसद अरुण भारती, राजेश वर्मा, शांभवी चौधरी, विधायक राजू तिवारी, अजय कुमार पांडेय, विधायक मुरारी गौतम, राजेश भट्ट, विनीत सिंह, एडवोकेट रितेश कुमार शर्मा, आलोक रंजन और प्रणब कुमार को राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी गई है।









