गुरुवार, 2 अप्रैल 2026 को भारतीय शेयर बाजार ने शुरुआती कमजोरी के बाद जोरदार रिकवरी दिखाई। सेंसेक्स 2000 अंक तक उछला। रुपये में मजबूती, IT शेयरों की खरीदारी और IPO लिस्टिंग से निवेशकों का भरोसा बढ़ा।
Stock Market Closing Bell: गुरुवार, 2 अप्रैल 2026 को भारतीय शेयर बाजार ने दिन की शुरुआत भारी गिरावट के साथ की, लेकिन कारोबार के अंत तक जबरदस्त रिकवरी दिखाते हुए बढ़त में बंद हुआ। अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के ईरान पर हमले के संकेत के बाद बाजार में शुरुआती बेचवाली देखने को मिली। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही निचले स्तर तक फिसल गए थे, लेकिन डॉलर के मुकाबले रुपये में मजबूती और आईटी शेयरों में जोरदार खरीदारी ने बाजार को उबार दिया।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 72,262 के स्तर पर खुला और शुरुआती कारोबार में यह 71,545.81 अंक तक गिर गया। हालांकि, दोपहर के कारोबार में निवेशकों की वैल्यू बायिंग के चलते सेंसेक्स तेजी से बढ़ा और अंत में 73,319.55 अंक पर 185.23 अंक या 0.25 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ।
निफ्टी-50 भी कमजोर शुरुआत के बाद 22,713.10 अंक पर 33.70 अंक या 0.15 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ। कारोबार के दौरान निफ्टी 22,182 अंक तक फिसला था।
ट्रंप की ईरान पर सैन्य हमले की चेतावनी
अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने ईरान पर संयुक्त सैन्य कार्रवाई का संकेत दिया। उन्होंने कहा कि अमेरिका अपने सैन्य उद्देश्यों को पूरा करने के करीब है और वार्ता विफल होने पर हमले और तेज होंगे। ट्रंप ने चेतावनी दी कि बिजली उत्पादन जैसी बुनियादी सुविधाएं भी निशाने पर हो सकती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वार्ता जारी है, लेकिन अगर कोई समझौता नहीं हुआ तो हमले और बढ़ेंगे।
इन बयानों से बाजार में अस्थिरता पैदा हुई और निवेशकों में चिंता बढ़ गई। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट का यही प्रमुख कारण रहा।
वैश्विक बाजारों का असर

एशियाई बाजारों में भी गुरुवार को कमजोरी देखी गई। जापान का निक्केई 225 और दक्षिण कोरिया का कोस्पी क्रमशः 1.33 प्रतिशत और 2.61 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। ट्रंप के बयान और पश्चिम एशिया में तनाव के कारण निवेशकों की चिंता बढ़ गई।
वहीं, अमेरिकी बाजारों में स्थिति सकारात्मक रही। एस एंड पी 500 0.72 प्रतिशत और डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 0.48 प्रतिशत बढ़त के साथ बंद हुए। नैस्डैक कंपोजिट 1.16 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुआ। निवेशकों को उम्मीद थी कि अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध में जल्द समाधान आएगा।
IPO लिस्टिंग से बाजार को हलचल
गुरुवार को पावरिका और अमीर चंद जगदीश कुमार (एक्सपोर्ट्स) के आईपीओ शेयर बाजार में लिस्ट हुए। पावरिका का 1,100.21 करोड़ रुपये का आईपीओ अंतिम दिन 1.53 गुना सब्सक्राइब हुआ। वहीं, अमीर चंद जगदीश कुमार का बुक-बिल्ड आईपीओ 3.41 गुना सब्सक्राइब हुआ। इन लिस्टिंग से बाजार में हल्की खरीदारी देखने को मिली और निवेशकों का ध्यान आईपीओ पर भी गया।
कच्चे तेल की कीमतें $105 पार
तेल की कीमतों में गुरुवार को 4 डॉलर से अधिक की तेजी देखने को मिली। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि अमेरिका अगले कुछ हफ्तों तक ईरान पर हमले जारी रखेगा। इसमें ऊर्जा और तेल से जुड़े ठिकाने भी शामिल हैं। उन्होंने युद्ध समाप्त करने की कोई निश्चित समयसीमा नहीं बताई। इस अनिश्चितता के चलते तेल की कीमतों पर दबाव बना रहा।
विशेषज्ञों का कहना है कि ईरान पर बढ़ते सैन्य खतरे और पश्चिम एशिया में तनाव से कच्चे तेल की कीमतें प्रभावित हो रही हैं। उच्च तेल की कीमतों से ऊर्जा और पेट्रोलियम उत्पादों की लागत बढ़ सकती है, जिससे भारतीय बाजार पर भी असर पड़ता है।










