Closing Bell: बाजार में बिकवाली का दबाव, आईटी-मेटल शेयरों से सेंसेक्स गिरा, निफ्टी 25,910 पर बंद

आईटी और मेटल शेयरों में बिकवाली के चलते सेंसेक्स 278 अंक टूटा। निफ्टी 25,910 पर बंद, वैश्विक संकेतों और अमेरिकी डेटा से निवेशक रहे सतर्क।
Closing Bell: बाजार में बिकवाली का दबाव, आईटी-मेटल शेयरों से सेंसेक्स गिरा, निफ्टी 25,910 पर बंद

भारतीय शेयर बाजार मंगलवार को लाल निशान में बंद हुआ। आईटी और मेटल शेयरों में बिकवाली के कारण सेंसेक्स 278 अंक टूटा। निफ्टी 25,910 पर बंद हुआ। निवेशक अमेरिकी जॉब्स डेटा पर नजर बनाए हुए हैं।

Stock Market Closing Bell: भारतीय शेयर बाजार मंगलवार 18 नवंबर को लाल निशान में बंद हुआ। वैश्विक बाजारों में सुस्त रुझान और अमेरिका के मुख्य आर्थिक आंकड़ों से पहले निवेशकों की सतर्कता ने घरेलू बाजारों पर दबाव डाला। इससे सात दिन से जारी तेजी का सिलसिला रुक गया। आईटी और मेटल सेक्टर में बिकवाली ने सेंसेक्स और निफ्टी दोनों को नीचे खींचा।

सेंसेक्स और निफ्टी का क्लोजिंग

बीएसई सेंसेक्स 85,042 अंक पर खुला लेकिन अंत में 277.93 अंक या 0.33 फीसदी की गिरावट के साथ 84,673.02 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह, निफ्टी-50 26,021 अंक पर खुला और अंत में 103.40 अंक या 0.40 फीसदी की गिरावट के साथ 25,910 अंक पर बंद हुआ।

विशेषज्ञ का नजरिया

विनोद नायर, रिसर्च हेड, जियोजित इनवेस्टमेंट्स ने कहा कि बाजार में हल्की गिरावट मुनाफावसूली और कमजोर वैश्विक संकेतों के कारण आई। अमेरिकी फेड की ब्याज दर में कटौती की उम्मीदें घटने से सेंटीमेंट दबाव में आया। आईटी, मेटल और रियल्टी शेयरों में गिरावट रही जबकि प्राइवेट बैंक ने कुछ सहारा दिया। निवेशकों की नजर अब अमेरिकी जॉब्स डेटा पर है, जो फेड की आगे की नीति को दिशा देगा।

आने वाले अवसर

नायर के अनुसार, भारत-अमेरिका व्यापार समझौते में प्रगति और घरेलू कंपनियों के बेहतर नतीजे बाजार धारणा को मजबूत कर सकते हैं। इससे निफ्टी 26,000 के स्तर को स्थायी रूप से पार कर सकता है।

टॉप गेनर्स और लूजर्स

सेंसेक्स में टेक महिंद्रा, इंफोसिस, बजाज फिनसर्व, बजाज फाइनेंस और अदानी पोर्ट्स के शेयर सबसे ज्यादा गिरावट में रहे। वहीं भारती एयरटेल, एक्सिस बैंक, एशियन पेंट्स, पावर ग्रिड और टाइटन के शेयर टॉप गेनर रहे।

सेक्टोरल प्रदर्शन

निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 0.59 फीसदी और स्मॉलकैप इंडेक्स 1.05 फीसदी गिरकर बंद हुए। सेक्टोरल मोर्चे पर सभी इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए। निफ्टी रियल्टी 1.91 फीसदी, आईटी इंडेक्स 1.1 फीसदी और मेटल इंडेक्स 1.07 फीसदी नीचे रहे।

अमेरिका-भारत ट्रेड डील का पहला चरण

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते का पहला चरण लगभग अंतिम रूप के करीब है। इसमें वॉशिंगटन द्वारा लगाए गए पारस्परिक शुल्क (reciprocal tariff) के मुद्दे को भी शामिल किया जाएगा। प्रस्तावित समझौते से भारत पर 25 प्रतिशत जुर्माने का समाधान होने की उम्मीद है।

वैश्विक बाजारों की स्थिति

अमेरिकी बाजार सोमवार को गिरावट के साथ बंद हुए। डाउ जोंस 1.18%, एसएंडपी 500 0.92% और नैस्डैक 0.84% नीचे रहे। एशियाई बाजार भी कमजोर रहे। जापान का निक्केई 2.06%, चीन का CSI 300 0.15%, हांगकांग का हैंग सेंग 0.85% और दक्षिण कोरिया का कोस्पी 1.33% नीचे बंद हुआ।

PhysicsWallah IPO की जोरदार लिस्टिंग

एडटेक कंपनी फिजिक्सवाला का आईपीओ मंगलवार को शेयर बाजार में लिस्ट हुआ। एनएसई पर शेयर 145 रुपये पर लिस्ट हुए, जो प्राइस बैंड के अपर एंड 109 रुपये से 33 फीसदी ज्यादा है। बीएसई पर शेयर 143 रुपये पर लिस्ट हुए, जो प्राइस बैंड से 31 फीसदी ऊपर है। निवेशकों को इस लिस्टिंग से अच्छा रिटर्न मिला।

Leave a comment