Closing Bell Today: मंगलवार को शेयर बाजार में मजबूती, सेंसेक्स 76,070 और निफ्टी 23,581 पर बंद

मिडिल ईस्ट संकट के बीच मंगलवार को सेंसेक्स 567 अंक और निफ्टी 172 अंक ऊपर बंद, मेटल और ऑटो सेक्टर में तेज खरीदारी से बाजार में मजबूती।

भारतीय शेयर बाजार मंगलवार को मजबूत बंद हुआ। सेंसेक्स 76,070 और निफ्टी 23,581 पर बंद हुआ। मेटल और ऑटो सेक्टर में तेज खरीदारी ने बाजार को सहारा दिया। ICICI बैंक, L&T और भारती एयरटेल प्रमुख गेनर्स रहे।

Stock Market Closing Bell: भारतीय शेयर बाजार मंगलवार, 17 मार्च को लगातार दूसरे दिन मजबूत बंद हुआ। मिडिल ईस्ट में जारी संकट के बावजूद ऑटो और मेटल सेक्टर में तेज खरीदारी ने बाजार को सहारा दिया। ICICI बैंक, भारती एयरटेल और L&T जैसे बड़े शेयरों में निवेशकों की रुचि ने सेंसेक्स और निफ्टी को ऊपर खींचा।

बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स कारोबार के दौरान 75,826 अंक पर खुला। दिन के हाई स्तर 76,304 तक पहुंचने के बाद यह अंत में 567.99 अंक या 0.75 प्रतिशत की बढ़त के साथ 76,070.84 पर बंद हुआ।

इसी तरह, निफ्टी-50 भी 23,493 पर खुला और दिन के दौरान 23,656 के इंट्रा-डे हाई और 23,346 के लो स्तर को पार करते हुए 172.35 अंक या 0.74 प्रतिशत की तेजी के साथ 23,581 पर बंद हुआ।

विशेषज्ञों का नजरिया

सेबी रजिस्टर्ड रिसर्च एनालिस्ट और LiveLong Wealth के फाउंडर हरिप्रसाद के अनुसार, निफ्टी 50 ने 23,000 का स्तर मजबूत सपोर्ट बनाकर दिखाया है। अगर निफ्टी 23,600 के ऊपर मजबूती से निकलता है, तो यह 23,800 से 24,000 तक जा सकता है। लेकिन अगर ऊपर टिक नहीं पाता तो 23,500 तक गिरावट संभव है। इसके बाद 23,300–23,350 के बीच मजबूत खरीदारी का सहारा मिलने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि तकनीकी संकेतक जैसे RSI करीब 34 तक पहुंच गया है और CCI सुधार की ओर है। इसका मतलब है कि नीचे के स्तर पर धीरे-धीरे खरीदारी शुरू हो रही है और बाजार एक छोटा आधार बना रहा है।

प्रमुख गेनर्स और लूज़र्स

सेंसेक्स की कंपनियों में Eternal सबसे अधिक लाभ में रही, जिसमें लगभग 5.5 प्रतिशत की तेजी आई। टाटा स्टील भी 4 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ा। इसके अलावा महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, एलएंडटी, भारती एयरटेल, इंडिगो, कोटक बैंक, ICICI बैंक, एशियन पेंट्स और एक्सिस बैंक लाभ में रहे।

वहीं दूसरी ओर इन्फोसिस, ITC, बजाज फाइनेंस, TCS, HCL टेक, अदाणी पोर्ट्स, हिंदुस्तान यूनिलीवर और SBI गिरावट में रहे।

ब्रोडर मार्केट का प्रदर्शन

ब्रोडर मार्केट में भी मजबूती देखी गई। निफ्टी मिडकैप 100 में 1.02 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 0.65 प्रतिशत ऊपर गया। सेक्टरल मोर्चे पर निफ्टी मेटल ने सबसे ज्यादा 2.8 प्रतिशत की तेजी दिखाई। इसके अलावा निफ्टी ऑटो इंडेक्स 2.1 प्रतिशत और निफ्टी रियल्टी इंडेक्स 1.8 प्रतिशत चढ़ा। वहीं निफ्टी FMCG और आईटी इंडेक्स में गिरावट रही।

दो दिन में सेंसेक्स और निफ्टी की तेजी

पिछले दो ट्रेडिंग सेशन में सेंसेक्स ने 1,500 से ज्यादा अंक यानी लगभग 2 प्रतिशत की तेजी हासिल की। इसी दौरान निफ्टी 50 में 430 अंक यानी लगभग 2 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। इन दो दिन में निवेशकों को करीब 3 लाख करोड़ रुपये का फायदा हुआ।

बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप 430 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 433 लाख करोड़ रुपये से ऊपर पहुंच गया है। यह संकेत है कि निवेशकों का भरोसा बाजार में धीरे-धीरे लौट रहा है।

Leave a comment