CM देवेंद्र फडणवीस ने मुंबईकरों को दिया बड़ा तोहफा, लाेकल ट्रेनों के बेड़े में शामिल होगी 238 नई ऑटोमैटिक डोर ट्रेनें

CM देवेंद्र फडणवीस ने मुंबईकरों को दिया बड़ा तोहफा, लाेकल ट्रेनों के बेड़े में शामिल होगी 238 नई ऑटोमैटिक डोर ट्रेनें

मुंबई बीएमसी चुनावों से पहले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को बड़ी खबर साझा की। उनके कार्यालय ने देर रात बताया कि मुंबई लोकल ट्रेन बेड़े में 238 स्वचलित दरवाजा बंद प्रणाली (Automatic Door System) वाली नई ट्रेनें खरीदी जाएंगी।

Mumbai Local Trains: मुंबई में बीएमसी चुनावों की सरगर्मी बढ़ने के बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को मुंबई लोकल ट्रेन यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी साझा की है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, 238 नई स्वचालित दरवाजे बंद प्रणाली (ऑटोमैटिक डोर) वाली लोकल ट्रेनें जल्द मुंबई के ट्रेनों के बेड़े में शामिल की जाएंगी। यह कदम शहर में लोकल ट्रेनों की क्षमता और सुरक्षा बढ़ाने के उद्देश्य से उठाया गया है।

लोकल ट्रेन नेटवर्क का विस्तार

मुख्यमंत्री फडणवीस ने बताया कि नई परियोजनाओं के तहत मुंबई लोकल नेटवर्क की 120 मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों और 3,200 उपनगरीय लोकल ट्रेनों की क्षमता बढ़ाई जाएगी। इसके अलावा, मुंबई के प्रमुख स्टेशन और प्लेटफॉर्म का विस्तार भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा, “हमने यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।

इन परियोजनाओं के माध्यम से मुंबईकरों को बेहतर और सुरक्षित लोकल ट्रेन सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। नई परियोजनाओं में कई बड़े सुधार शामिल हैं:

  • बांद्रा में 3 नई पिट लाइनें विकसित की जाएंगी।
  • मुंबई सेंट्रल स्टेशन पर 24-कोच ट्रेनों के लिए प्लेटफॉर्म का विस्तार किया जाएगा।
  • लोकमान्य तिलक टर्मिनस में डिपो का विस्तार किया जाएगा।

अन्य प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त प्लेटफॉर्म बनाए जाएंगे, जिनमें:

  • जोगेश्वरी: 2
  • दादर: 1
  • वसई रोड: 6
  • पनवेल: 5
  • कलंबोली: 5
  • कल्याण: 6
  • परेल: 6

इन सुधारों से न केवल ट्रेनों की संख्या बढ़ेगी बल्कि यात्रियों के लिए ट्रेन में चढ़ाई और उतराई आसान होगी।

प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का आभार

मुख्यमंत्री फडणवीस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनके सहयोग से मुंबई में रेल सेवाओं की क्षमता बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण परियोजनाएं शुरू की गई हैं। पिछले कुछ वर्षों में मुंबई की ट्रांसपोर्ट व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई बड़े कदम उठाए गए हैं। मेट्रो नेटवर्क में विस्तार, कोस्टल ब्रिज, अटल सेतु और अन्य बुनियादी ढांचे के विकास से शहर के यातायात में काफी सुधार हुआ है। इन परियोजनाओं से न केवल ट्रैफिक जाम में कमी आई है, बल्कि यात्रियों के लिए यात्रा अधिक सुरक्षित और आरामदायक हुई है।

नई 238 स्वचालित दरवाजा बंद प्रणाली वाली ट्रेनें यात्रियों की सुरक्षा को बढ़ावा देंगी। ऑटोमैटिक डोर तकनीक से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि ट्रेन के दरवाजे चल रही ट्रेन में अचानक खुलें नहीं। इससे बच्चों, बुजुर्गों और अन्य यात्रियों की सुरक्षा में सुधार होगा।

Leave a comment