उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सिंगापुर दौरे पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तीखा तंज कसा है। सपा प्रमुख ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मुख्यमंत्री की विदेशी यात्रा को लेकर कटाक्ष किया और कहा कि रुखसती के साल में वे “सैर-ए-तजुर्बे” के लिए जा रहे हैं।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सिंगापुर दौरे पर अखिलेश यादव ने तीखा हमला किया है। सपा अध्यक्ष ने यूपी में टूटी पानी की टंकी और सिंगापुर के प्रतीक मेरलीयन की तस्वीरें शेयर करते हुए तंज किया कि उनके राज में केवल फटी टंकियों से ही पानी निकलता है। अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर दो तस्वीरें साझा कीं: पहली में टूटी टंकी से पानी की धारा फूटती दिखाई दे रही है, जबकि दूसरी में सिंगापुर का पहचान चिन्ह और सांस्कृतिक प्रतीक मेरलीयन दिखाया गया है।
अखिलेश यादव का सोशल मीडिया पोस्ट
अखिलेश यादव ने अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर दो तस्वीरें साझा कीं। पहली तस्वीर में यूपी में एक टूटी पानी की टंकी से पानी की धारा फूटती दिखाई दे रही है। वहीं दूसरी तस्वीर में सिंगापुर के प्रसिद्ध मेरलीयन (Merlion) का चित्र है, जो सिंगापुर की पहचान और संस्कृति का प्रतीक माना जाता है। सपा अध्यक्ष ने लिखा:
'मुख्यमंत्री जी विदाई के समय जब ‘माधुर्य-प्रवास’ पर जा ही रहे हैं तो सिंगापुर में ये देखकर आएं कि जल की धारा कितनी दर्शनीय हो सकती है। उनके राज में तो पानी की धारा सिर्फ़ फटी टंकियों या फटे पाइप से निकलती है। जब देखेंगे तो आँखें फटी की फटी रह जाएंगी। ये सारे काम अपनी गिनती की तरह उल्टा करते हैं। ये जब जाने वाले हैं तब आख़िरी ‘रुख़सती साल’ में ‘सैर-ए-तजुर्बे’ पर जा रहे हैं।'
इस तंज के जरिए अखिलेश यादव ने राज्य में मूलभूत सुविधाओं की कमी और प्रशासनिक दृष्टिकोण पर सवाल उठाए हैं।
CM योगी का सिंगापुर दौरा: निवेश और रोजगार पर फोकस
![]()
सीएम योगी आदित्यनाथ अपने दो दिवसीय सिंगापुर दौरे पर हैं। इस दौरे के दौरान वे सिंगापुर के प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे और 25 बड़ी कंपनियों के साथ उत्तर प्रदेश में निवेश और औद्योगिक सहयोग के अवसरों पर चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री ने इस दौरे में मुख्य रूप से निम्नलिखित क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया है:
- मैन्युफैक्चरिंग और निवेश
- लॉजिस्टिक्स और डेटा सेंटर
- कौशल विकास और रोजगार सृजन
इस दौरे को यूपी की आर्थिक वृद्धि और औद्योगिक निवेश के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। योगी आदित्यनाथ सिंगापुर में भारतीय समुदाय के लोगों को भी संबोधित करेंगे और वहां बसे भारतीय निवेशकों व उद्योगपतियों से संवाद करेंगे। इससे भारत और सिंगापुर के बीच आर्थिक और सामाजिक संबंधों को मजबूती मिलेगी।











