दादिया नाड़ी के पास बेकाबू होकर तालाब में गिरी कार, हादसे में दो लोगो को मौत

दादिया नाड़ी के पास बेकाबू होकर तालाब में गिरी कार, हादसे में दो लोगो को मौत
AI IMAGE

झिराना क्षेत्र में शराब से भरी कार तालाब में गिरने से दो सेल्समैन की मौत हो गई। गेट लॉक होने से वे बाहर नहीं निकल पाए। सुबह ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने शव बाहर निकाले।

Rajasthan: टोंक जिले के झिराना थाना क्षेत्र के अरनिया काकड़ गांव के पास गुरुवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। शराब के कार्टून से भरी एक कार अनियंत्रित होकर तालाब (नाड़ी) में जा गिरी। कार में सवार दो युवक बाहर नहीं निकल पाए और डूबने से उनकी मौत हो गई। यह हादसा दादिया नाड़ी के पास एक मोड़ पर हुआ, जहां कार अचानक संतुलन खो बैठी।

पुलिस के अनुसार, हादसा देर रात हुआ, इसलिए किसी को तुरंत जानकारी नहीं मिल सकी। पूरी रात कार तालाब में डूबी रही और दोनों युवक अंदर फंसे रहे।

सुबह ग्रामीणों ने तालाब में देखी डूबी कार

शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे अरनिया काकड़ गांव के ग्रामीणों की नजर तालाब में डूबी कार पर पड़ी। कार का कुछ हिस्सा पानी के ऊपर दिखाई दे रहा था। ग्रामीणों ने तुरंत झिराना पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से एक व्यक्ति पानी में उतरा और कार का दरवाजा खोलने का प्रयास किया। ड्राइविंग सीट पर एक युवक का शव नजर आया। इसके बाद पीछे का गेट खोला गया, जहां दूसरा युवक शराब के कार्टून के नीचे दबा हुआ मिला। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर दोनों शवों को बाहर निकाला। बाद में ट्रैक्टर की सहायता से कार को तालाब से बाहर निकाला गया।

दोनों मृतक शराब ठेके पर करते थे काम

थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि मृतकों की पहचान हंसराज गुर्जर (40) पुत्र गोपाल गुर्जर और उनके दोस्त हंसराज गुर्जर (42) पुत्र भैरूलाल गुर्जर के रूप में हुई है। दोनों टोंक जिले के डिग्गी क्षेत्र के सोडा गांव के निवासी थे और शराब के ठेके पर सेल्समैन का काम करते थे।

गुरुवार रात दोनों कार में देसी शराब के पव्वों से भरे कार्टून लेकर गांव की ओर जा रहे थे। दादिया नाड़ी के पास मोड़ पर कार बेकाबू हो गई और सीधे तालाब में गिर गई। कार के गेट लॉक हो जाने के कारण दोनों युवक बाहर नहीं निकल सके और अंदर ही दम घुटने से उनकी मौत हो गई।

पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे

पोस्टमॉर्टम के बाद दोनों युवकों के शव झिराना अस्पताल में परिजनों को सौंप दिए गए। मृतकों की पहचान होने के बाद उनके परिवार अस्पताल पहुंचे, जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शवों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया। 

हादसे की सूचना मिलते ही गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया। पुलिस ने अज्ञात परिस्थितियों में हुए इस हादसे को लेकर जांच शुरू कर दी है और वाहन दुर्घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Leave a comment