दौसा के गांधी तिराहे के पास बैग स्टोर संचालक ने दुकान की छत में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस जांच में सामने आया कि वह कोरोना काल के बाद से मानसिक तनाव में चल रहा था।
Rajasthan: दौसा शहर के गांधी तिराहे के पास बुधवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक बैग स्टोर के अंदर दुकानदार का शव फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान कृष्ण कुमार विजय के रूप में हुई है, जो लंबे समय से गांधी तिराहे के पास बैग स्टोर का संचालन कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम के समय दुकान बंद नजर आई, लेकिन अंदर से कोई हलचल नहीं दिखी। शक होने पर आसपास के लोगों ने झांककर देखा तो दुकानदार फंदे पर लटका मिला।
घटना की सूचना तुरंत कोतवाली थाना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर जिला अस्पताल भिजवाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
शव को दौसा जिला अस्पताल की इमरजेंसी यूनिट में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद कृष्ण कुमार को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पंचनामा तैयार किया। घटना की खबर फैलते ही गांधी तिराहे और अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
पुलिस ने बताया कि मृतक कृष्ण कुमार विजय दौसा की नई मंडी रोड पर दुर्गा मंदिर के पास रहता था। वह अपने परिवार के साथ वहीं निवास करता था और रोजाना दुकान खोलने आता था।
कोरोना के बाद से मानसिक तनाव में था दुकानदार
मृतक के भाई ने पुलिस को बताया कि कृष्ण कुमार कोरोना महामारी के बाद से मानसिक तनाव और अवसाद में चल रहा था। हालांकि वह सामान्य रूप से कामकाज करता था, लेकिन अंदर ही अंदर परेशान रहता था। परिवार को इस बात का अंदाजा नहीं था कि वह इतना बड़ा कदम उठा लेगा।
कोतवाली थाना प्रभारी भगवान सहाय ने बताया कि आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कृष्ण ने यह कदम क्यों उठाया। पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना के बाद से परिवार में शोक का माहौल है और इलाके में भी गमगीन माहौल बना हुआ है।











