जयपुर में एयरफोर्स की तैयारी कर रही एक युवती को सुबह रनिंग के दौरान तेज रफ्तार थार ने टक्कर मार दी। हादसे में युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
Jaipur: सरकारी नौकरी और भारतीय वायुसेना में भर्ती होने का सपना देख रही 18 वर्षीय अनाया शर्मा की मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। अनाया झुंझुनूं जिले के गुढ़ागौडज़ी की रहने वाली थी और फिलहाल जयपुर के झोटवाड़ा इलाके में पीजी में रहकर एयरफोर्स की तैयारी कर रही थी।
परिवार के अनुसार अनाया पढ़ाई के साथ-साथ रोजाना फिजिकल ट्रेनिंग करती थी। उसने हाल ही में भारतीय वायुसेना की लिखित परीक्षा पास की थी और अब फिजिकल टेस्ट की तैयारी में जुटी हुई थी। उसकी मेहनत और अनुशासन पूरे परिवार के लिए गर्व का विषय था।
सुबह रनिंग के दौरान हुआ हादसा
मंगलवार सुबह अनाया अपनी एक सहेली के साथ जयपुर-दिल्ली एक्सप्रेस हाईवे पर शांति बाग हनुमान मंदिर के पास रनिंग कर रही थी। दौड़ते समय उसकी सहेली कुछ पीछे रह गई, जिस कारण अनाया सड़क किनारे रुककर उसका इंतजार करने लगी।

इसी दौरान अजमेर रोड की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही काली रंग की थार गाड़ी ने अनाया को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अनाया ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के बाद चालक फरार
स्थानीय लोगों की मदद से अनाया को तुरंत कांवटिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद थार चालक कुछ दूरी तक वाहन को तेज गति से दौड़ाता ले गया और फिर दादी का फाटक के पास गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।
भागते समय थार चालक ने एक अन्य वाहन को भी टक्कर मार दी। घटना की सूचना मिलते ही करधनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
ओवरस्पीडिंग का पुराना रिकॉर्ड आया सामने
पुलिस जांच में यह सामने आया है कि हादसे में शामिल थार वाहन के खिलाफ पहले भी ओवरस्पीडिंग के मामले दर्ज हो चुके हैं। बीते ढाई साल में इस वाहन के कुल चार चालान किए गए थे। ये चालान जयपुर, अजमेर के नसीराबाद और जोधपुर-जैसलमेर हाईवे पर अलग-अलग समय में काटे गए। वर्ष 2025 में किया गया एक चालान अभी तक पेंडिंग बताया जा रहा है।
इससे साफ है कि चालक को पहले भी तेज रफ्तार के लिए रोका गया था, लेकिन इसके बावजूद उसकी ड्राइविंग में सुधार नहीं हुआ। पुलिस ने थार चालक की पहचान मौजमाबाद निवासी जितेंद्र चौधरी के रूप में की है। फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।












