Pune

देशभर में मॉनसून की बारिश, सिर्फ दिल्ली अब भी तरसी, IMD ने जारी किया ताज़ा मानचित्र

देशभर में मॉनसून की बारिश, सिर्फ दिल्ली अब भी तरसी, IMD ने जारी किया ताज़ा मानचित्र

देश के ज्यादातर हिस्सों में मॉनसून ने समय से पहले दस्तक दे दी है और झमाझम बारिश से पूरे देश में मौसम खुशनुमा हो गया है। लेकिन राजधानी दिल्ली और आसपास का इलाका अब भी सूखा पड़ा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) द्वारा जारी ताज़ा मॉनसून मैप में यह साफ दिख रहा है कि जहां लगभग पूरा देश मॉनसूनी बारिश में भीग चुका है, वहीं दिल्ली-NCR अब भी बूंद-बूंद बारिश के लिए तरस रहा है।

देश के कई हिस्सों में तो बारिश ने राहत नहीं बल्कि आफत बरपाई है। हिमाचल प्रदेश में बादल फटने की घटनाओं में अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है। राजस्थान के कई शहर जलमग्न हो गए हैं और सड़कों पर समंदर जैसे हालात बन चुके हैं। महाराष्ट्र के अकोला में पहली बारिश ने ही जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया, जबकि गुजरात के जूनागढ़ और नवसारी में बाढ़ जैसी स्थिति है। दक्षिण भारत में कावेरी नदी उफान पर है और जम्मू-कश्मीर से भी फ्लैश फ्लड की तस्वीरें सामने आई हैं।

दिल्ली-NCR में बादल और नमी

दिल्ली में बीते कुछ दिनों से मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। आसमान में बादल हैं, हवा में नमी है और तापमान भी सामान्य से नीचे है, लेकिन अब तक एक बूंद भी बारिश नहीं हुई है। उमस और चिपचिपी गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर रखा है।

आईएमडी की मानें तो दिल्ली, एनसीआर, हरियाणा, पश्चिमी यूपी और राजस्थान के कुछ हिस्से अब भी मॉनसून की रेखा से बाहर हैं। हालांकि मौसम विभाग ने हल्की बारिश की संभावना जताई है, लेकिन इसे मॉनसून की आधिकारिक एंट्री नहीं माना जा रहा।

वीकेंड तक हो सकती है मॉनसून की दस्तक

प्राइवेट मौसम एजेंसी स्काईमेट वेदर के मुताबिक, दिल्ली में मॉनसून 27 जून की आधिकारिक तारीख से चूक सकता है, लेकिन अब इसकी एंट्री वीकेंड यानी शनिवार या रविवार तक संभव है।

फिलहाल दक्षिण-पूर्वी राजस्थान और मध्य प्रदेश के पास एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इससे निकलने वाली द्रोणिका रेखा (ट्रफ लाइन) मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ से होते हुए पूर्व की ओर बढ़ रही है। यह सिस्टम बंगाल की खाड़ी और उत्तर-पश्चिमी ओडिशा व पश्चिम बंगाल के समीपवर्ती हिस्सों में बने एक अन्य चक्रवात से जुड़ रहा है, जिससे आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां दिल्ली की ओर बढ़ सकती हैं।

हालांकि, यह द्रोणिका अभी दिल्ली से काफी दक्षिण में है, इसलिए आज भी मॉनसून की बारिश की संभावना बेहद कम है। हां, शाम के वक्त हल्की बूंदाबांदी जरूर हो सकती है, लेकिन इससे मौसम में ठंडक नहीं आएगी और ना ही इसे मॉनसून की एंट्री माना जाएगा।
राजधानी दिल्ली और एनसीआर को अभी कुछ और दिन गर्मी और उमस झेलनी पड़ सकती है। हालांकि मौसम विभाग और स्काईमेट दोनों का मानना है कि वीकेंड तक मॉनसून की एंट्री हो सकती है और इसके बाद सामान्य बारिश का सिलसिला शुरू होगा। तब तक राहत की आस में दिल्लीवासी बादलों की ओर उम्मीद लगाए बैठे हैं।

Leave a comment