दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में हुए बवाल के मामले में सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी का नाम सामने आया है। पुलिस पत्थरबाजी और तनाव से जुड़े घटनाक्रम को लेकर सांसद से पूछताछ करने की तैयारी कर रही है।
New Delhi: दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में बीती रात हुए बवाल ने सियासी और प्रशासनिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है। इस मामले में समाजवादी पार्टी के सांसद मोहिबुल्लाह नदवी का नाम सामने आने के बाद पुलिस की जांच और तेज हो गई है। पत्थरबाजी और तनावपूर्ण हालात से जुड़े इस प्रकरण में अब पुलिस सांसद से पूछताछ करने की तैयारी कर रही है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और हालात को नियंत्रण में रखने की कोशिशें जारी हैं।
क्या है तुर्कमान गेट का पूरा मामला
तुर्कमान गेट इलाके में अतिक्रमण हटाने को लेकर बीती रात अचानक तनाव फैल गया। देखते ही देखते हालात बिगड़ गए और पत्थरबाजी की खबरें सामने आईं। पुलिस के मुताबिक हालात उस समय बेकाबू हो गए जब बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। इसी दौरान समाजवादी पार्टी के सांसद मोहिबुल्लाह नदवी की मौजूदगी को लेकर सवाल उठने लगे। पुलिस अब यह जानना चाहती है कि सांसद वहां किस मकसद से पहुंचे थे और उनकी भूमिका क्या रही।
पुलिस जांच में क्यों आया सांसद का नाम
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों के बयानों और वीडियो फुटेज के आधार पर मोहिबुल्लाह नदवी का नाम सामने आया है। हालांकि पुलिस ने साफ किया है कि अभी यह शुरुआती जांच का हिस्सा है और पूछताछ के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में हर पहलू की जांच जरूरी है, चाहे वह किसी भी राजनीतिक दल से जुड़ा व्यक्ति क्यों न हो।

क्या है मोहिबुल्लाह नदवी का पक्ष
सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने अपने ऊपर लगे आरोपों को लेकर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि उनकी जानकारी में ऐसा कोई हाईकोर्ट ऑर्डर नहीं था, जिसमें तुर्कमान गेट इलाके में अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया हो। उनके मुताबिक अभी इस बात पर चर्चा चल रही थी कि मस्जिद का कितना हिस्सा वैध है और कितना हिस्सा अतिक्रमण की श्रेणी में आता है। इसी बीच रात में उन्हें सूचना मिली कि मस्जिद को चारों तरफ से घेर लिया गया है।
बवाल वाली जगह क्यों पहुंचे थे सांसद
मोहिबुल्लाह नदवी ने बताया कि वह हालात को शांत करने के इरादे से मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि इससे पहले महरौली इलाके में एक मस्जिद को रातोंरात हटाए जाने की घटना हुई थी, जिसे लेकर उन्होंने संसद में भी आवाज उठाई थी। तुर्कमान गेट से जुड़ी खबर सुनकर उन्हें आशंका हुई कि कहीं लोग बेकाबू न हो जाएं। इसी कारण वह वहां पहुंचे ताकि स्थिति को संभाला जा सके।
शांत रहने की अपील का दावा
सपा सांसद का कहना है कि उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों से अपने-अपने घरों में लौटने और शांति बनाए रखने की अपील की थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस संबंध में वीडियो मौजूद हैं, जिनमें वह लोगों से शांति बनाए रखने की बात करते दिख रहे हैं। नदवी के अनुसार, उनका मकसद किसी तरह का विरोध भड़काना नहीं था, बल्कि स्थिति को बिगड़ने से रोकना था।











