दिल्ली में AI Impact Summit के चलते 16 से 20 फरवरी तक ट्रैफिक प्रतिबंध लागू हैं। Delhi Traffic Police ने भारत मंडपम और सेंट्रल दिल्ली के आसपास सतर्क रहने की सलाह दी है।
AI Impact Summit: राजधानी दिल्ली में आज यानी 16 फरवरी से अंतरराष्ट्रीय AI Impact Summit की शुरुआत हो चुकी है, जो 20 फरवरी तक चलेगी। इस बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजन के कारण शहर के कई प्रमुख इलाकों में ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू कर दिए गए हैं। खासतौर पर भारत मंडपम और उसके आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर सख्ती बरती जा रही है।
प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने साफ किया है कि इन दिनों दिल्ली में सफर करने वालों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी होगी। अगर आप ऑफिस जा रहे हैं, बच्चों को स्कूल छोड़ना है, ट्रेन या फ्लाइट पकड़नी है, तो घर से निकलने से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर देख लें।
क्यों लगाया गया ट्रैफिक प्रतिबंध
AI Impact Summit 2026 में दुनिया भर से नीति-निर्माता, मंत्री, टेक कंपनियों के CEO, इंडस्ट्री एक्सपर्ट और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। इतने बड़े स्तर के VVIP मूवमेंट को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है।
इसी वजह से भारत मंडपम और उससे जुड़े सेंट्रल दिल्ली के इलाकों में ट्रैफिक को नियंत्रित किया जा रहा है। कई सड़कों पर डायवर्जन लगाए गए हैं और कुछ मार्गों पर जरूरत पड़ने पर पूरी तरह ट्रैफिक बंद भी किया जा सकता है।
किन इलाकों में सबसे ज्यादा असर
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, भारत मंडपम, प्रगति मैदान और सेंट्रल विस्टा से जुड़े इलाकों में सबसे ज्यादा असर देखने को मिलेगा। सुबह और शाम के समय जब VVIP काफिले मूव करेंगे, तब ट्रैफिक और ज्यादा प्रभावित हो सकता है।
इन इलाकों से रोजाना गुजरने वाले लोगों को सलाह दी गई है कि वे वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें और समय से पहले निकलें।
प्रमुख सड़कें जहां ट्रैफिक रहेगा प्रभावित
AI समिट के दौरान करीब 50 से ज्यादा सड़कों पर यातायात नियंत्रित रहेगा। इनमें जनपथ, तिलक मार्ग, अशोका रोड, अकबर रोड, शांति पथ, कर्तव्य पथ, संसद मार्ग, लोधी रोड और सेंट्रल विस्टा के आसपास की सड़कें शामिल हैं।
इसके अलावा कनॉट प्लेस का आउटर सर्कल, बाबा खड़क सिंह मार्ग, तीन मूर्ति मार्ग, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, सी-हेक्सागन, पुराना किला रोड और अफ्रीका एवेन्यू पर भी भारी ट्रैफिक जाम की संभावना है।
पूरी तरह प्रतिबंधित सड़कें
VVIP मूवमेंट के दौरान कुछ सड़कों को पूरी तरह बंद किया जा सकता है। इनमें भैरों मार्ग और ITO से प्रगति मैदान तक का रास्ता शामिल है। मथुरा रोड पर भी सुब्रमण्यम भारती मार्ग से डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक तक केवल अधिकृत वाहनों को ही जाने की अनुमति दी जाएगी। इन मार्गों पर आम वाहनों की एंट्री नहीं होगी।

शहर में एंट्री पर भी सख्ती
दिल्ली में बाहर से आने वाले गैर-जरूरी वाहनों को कुछ समय के लिए शहर में प्रवेश से रोका जा सकता है। ऐसे वाहनों को ईस्टर्न और वेस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
इसका मकसद शहर के अंदर ट्रैफिक दबाव को कम करना और VVIP मूवमेंट को सुचारू रूप से संभालना है।
ट्रेन पकड़ने वालों के लिए जरूरी सलाह
अगर आपको इन दिनों ट्रेन पकड़नी है, तो रूट प्लानिंग बहुत जरूरी हो जाती है।
- नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्री पहाड़गंज की बजाय रिंग रोड से अजमेरी गेट साइड का इस्तेमाल करें। इससे जाम से बचा जा सकता है।
- हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन जाने वालों को AIIMS साइड से रिंग रोड का रास्ता अपनाने की सलाह दी गई है। आश्रम रोड और सराय काले खां के रास्ते भी बेहतर विकल्प हो सकते हैं।
- ISBT कश्मीरी गेट जाने के लिए रिंग रोड और आउटर रिंग रोड का इस्तेमाल करें।
फ्लाइट यात्रियों के लिए रूट गाइड
अगर आपको एयरपोर्ट जाना है, तो समय से काफी पहले निकलना जरूरी है।
- गुरुग्राम से T1, T2 या T3 जाने वाले यात्री NH-48 से रिंग रोड होते हुए धौला कुआं और फिर एयरपोर्ट का रास्ता अपनाएं।
- पश्चिम दिल्ली से एयरपोर्ट जाने वालों को पंजाबी बाग से रिंग रोड और फिर धौला कुआं होकर जाना चाहिए।
- दक्षिण और मध्य दिल्ली से एयरपोर्ट जाने के लिए AIIMS से रिंग रोड और फिर धौला कुआं का रास्ता सबसे बेहतर रहेगा।
स्कूलों पर भी पड़ा असर
AI Impact Summit का असर स्कूलों पर भी पड़ा है। भारत मंडपम से 5 किलोमीटर के दायरे में आने वाले करीब 34 स्कूल प्रभावित बताए जा रहे हैं।
17 फरवरी से 19 फरवरी के बीच इन इलाकों में भारी ट्रैफिक प्रतिबंध रहेगा। कई स्कूलों ने ऑनलाइन क्लास या स्कूल टाइम में बदलाव का फैसला लिया है। इस दौरान करीब 2,900 से ज्यादा छात्रों पर असर पड़ सकता है।
यात्रियों के लिए प्रशासन की अहम सलाह
प्रशासन और दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें। यात्रा से पहले अपने रूट की जानकारी लें और ट्रैफिक अपडेट जरूर चेक करें।
संभव हो तो निजी वाहन के बजाय मेट्रो का इस्तेमाल करें। मेट्रो सेवाएं सामान्य रूप से चलेंगी और यह जाम से बचने का सबसे आसान तरीका है।
भारत मंडपम, प्रगति मैदान और सेंट्रल दिल्ली के इलाकों से गुजरने से बचें और वैकल्पिक मार्ग अपनाएं।










