दर्शन के बहाने मंदिर आया युवक, कांसी के झालर चोरी करता CCTV में हुआ कैद

कोटा के सांगोद क्षेत्र में श्रीरामचंद्र जी मंदिर से दर्शन के बहाने आए युवक ने कांसी के दो झालर चोरी किए। पूरी घटना CCTV में कैद, पुलिस जांच जारी।

कोटा के सांगोद क्षेत्र में मंदिर से कांसी के दो झालर चोरी हो गए। दर्शन के बहाने आए युवक ने वारदात को अंजाम दिया। घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई है और मंदिर समिति ने पुलिस में शिकायत दी है।

Rajasthan: यह घटना 28 जनवरी दोपहर की है। सांगोद थाना क्षेत्र स्थित श्री रामचंद्र जी भगवान मंदिर में एक युवक दर्शन के बहाने आया। उस समय मंदिर में धार्मिक कार्यक्रम चल रहा था और मंदिर के चैनल गेट खुले हुए थे।

दोपहर करीब 3 बजे नीली शर्ट पहने एक युवक कंधे पर बैग टांगकर मंदिर परिसर में दाखिल हुआ। उसने पहले भगवान के सामने हाथ जोड़े और प्रणाम किया। इसके बाद वह धीरे से मंदिर परिसर में रखे कांसी के दो झालरों के पास पहुंचा और उन्हें अपने बैग में डाल लिया। पूरी वारदात कुछ ही सेकंड में हुई और युवक वहां से फरार हो गया।

धार्मिक कार्यक्रम के दौरान खाली था परिसर

मंदिर समिति अध्यक्ष राजमल गौड़ ने बताया कि मंदिर में हाल ही में महादेव की प्राण प्रतिष्ठा हुई थी। प्राण प्रतिष्ठा से पहले गणेश जी को निमंत्रण दिया गया था और बुधवार को गणेश जी की विदाई का कार्यक्रम रखा गया था।

दोपहर के समय मंदिर की छत पर भोजन तैयार किया जा रहा था। कार्यक्रम में शामिल सभी लोग छत पर मौजूद थे, जिससे नीचे मंदिर परिसर में ज्यादा आवाजाही नहीं थी। इसी का फायदा उठाकर आरोपी युवक ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासा

शाम करीब 4 बजे पुजारी जब मंदिर के पट खोलने पहुंचे तो उन्हें कांसी के झालर नहीं मिले। इसके बाद मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। फुटेज में साफ दिखाई दिया कि एक युवक दर्शन के बहाने आया और झालर चोरी कर ले गया।

चोरी हुए दोनों कांसी के झालरों की कीमत करीब दो हजार रुपये बताई जा रही है। मंदिर समिति ने इस मामले की लिखित शिकायत सांगोद थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।

Leave a comment