फरीदाबाद रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य के चलते 1 सितंबर से 15 अक्टूबर तक रेल यातायात प्रभावित रहेगा। इस दौरान 9 ट्रेनें रद्द, 20 ट्रेनों का ठहराव समाप्त और 43 ट्रेनों के प्लेटफॉर्म बदले जाएंगे।
फरीदाबाद: रेलवे स्टेशन पर पुनर्विकास कार्य के कारण फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर 45 दिनों तक ट्रेनों के संचालन में बदलाव रहेगा। उत्तर रेलवे के अनुसार 1 सितंबर से 15 अक्टूबर तक निर्माण कार्य के चलते 9 ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि 20 ट्रेनों का ठहराव अस्थायी रूप से खत्म किया जाएगा। इसके अलावा 43 ट्रेनों के प्लेटफॉर्म भी बदले जाएंगे।
1 सितंबर से 15 अक्टूबर तक प्रभावित रहेगा रेल यातायात
फरीदाबाद रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य के चलते रेलवे ने विशेष यातायात और विद्युत बाधा शेड्यूल जारी किया है। इसके तहत 1 सितंबर से 15 अक्टूबर 2026 तक करीब 45 दिनों तक स्टेशन पर रेल परिचालन प्रभावित रहेगा।

उत्तर रेलवे की ओर से प्लेटफॉर्म संख्या दो और तीन से जुड़ी रेल पटरियों के ऊपर निर्माण कार्य कराया जाना है। निर्माण के दौरान यात्रियों की सुविधा और ट्रेनों के संचालन को ध्यान में रखते हुए कई ट्रेनों के समय, ठहराव और प्लेटफॉर्म में बदलाव किया गया है।
रेलवे के अनुसार 1 सितंबर को रात 12:05 बजे से 2:35 बजे तक और 2 सितंबर से 14 अक्टूबर तक हर दिन रात 12:05 बजे से 3:05 बजे तक निर्माण कार्य चलेगा। 15 अक्टूबर को भी रात 12:05 बजे से 2:35 बजे तक यातायात और विद्युत अवरोध रहेगा।
9 ट्रेनें रहेंगी रद्द
निर्माण कार्य की अवधि में रेलवे ने नौ ट्रेनों का परिचालन रद्द करने का फैसला लिया है। इनमें ट्रेन संख्या 64908, 64071, 64052, 64015, 64078, 64057, 64012, 64013 और 64076 शामिल हैं।
इन ट्रेनों के रद्द होने से साहिबाबाद, भिवानी, गाजियाबाद, पलवल, नई दिल्ली और शकूरबस्ती के बीच चलने वाली रेल सेवाएं प्रभावित होंगी।
ट्रेन संख्या 64015 और 64078 के परिचालन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। वहीं ट्रेन संख्या 19019 को 31 अगस्त और 14 अक्टूबर को पलवल-फरीदाबाद के बीच 45 मिनट तक नियंत्रित किया जाएगा। ट्रेन संख्या 64076 को 2 सितंबर से 14 अक्टूबर तक तीसरी लाइन से चलाने की व्यवस्था की गई है।
20 ट्रेनों का ठहराव खत्म, 43 के प्लेटफॉर्म बदलेंगे
निर्माण कार्य के दौरान फरीदाबाद स्टेशन पर 20 ट्रेनों का ठहराव अस्थायी रूप से समाप्त रहेगा। इनमें उत्तर दिशा की ओर जाने वाली 12919, 12615, 14309, 14317, 18477, 12625, 14621 और 11077 ट्रेनें शामिल हैं।
दक्षिण दिशा की ओर चलने वाली 12138, 20986, 19326, 11450, 16032, 16318, 11842, 19020, 12920, 14622, 22918 और 19308 ट्रेनों का भी फरीदाबाद स्टेशन पर ठहराव नहीं होगा।
इसके अलावा रेलवे ने 43 ट्रेनों के प्लेटफॉर्म में बदलाव किया है। इनमें 17 ट्रेनों के आगमन और 26 ट्रेनों के प्रस्थान वाले प्लेटफॉर्म बदले जाएंगे। मौजूदा प्लेटफॉर्म संख्या तीन और दो की जगह क्रमश: प्लेटफॉर्म संख्या चार और एक का इस्तेमाल किया जाएगा।
निर्माण कार्य का असर पांच से छह मालगाड़ियों के संचालन पर भी पड़ सकता है। इनमें दो मालगाड़ियों को वैकल्पिक मार्ग से चलाने की संभावना है, जबकि कोयला ढुलाई वाली मालगाड़ियों के परिचालन पर असर नहीं पड़ेगा।
रेलवे ने निर्माण एजेंसी को पर्याप्त संसाधन जुटाने और सभी जरूरी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन के संचालन और प्लेटफॉर्म की स्थिति की जानकारी जरूर जांच लें।








