उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ में एफआईएच हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप 2025 की प्रतिष्ठित ट्रॉफी का भव्य स्वागत किया।
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को तमिलनाडु में होने वाले एफआईएच हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप 2025 की प्रतिष्ठित ट्रॉफी का लखनऊ में भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि एफआईएच हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप 2025 की ट्रॉफी का उत्तर प्रदेश की राजधानी में आगमन पूरे प्रदेश के लिए गर्व और उल्लास का क्षण है।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल खेल भावना को प्रोत्साहित करेगा, बल्कि युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए प्रेरित भी करेगा। जूनियर पुरुष हॉकी विश्व कप में भारत, चीन, बेल्जियम, जापान, स्पेन, न्यूजीलैंड, चिली, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया समेत कुल 24 टीमें भाग ले रही हैं।
तमिलनाडु में होगा जूनियर विश्व कप का आयोजन
मुख्यमंत्री ने बताया कि एफआईएच हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप 2025 का आयोजन तमिलनाडु के चेन्नई और मदुरै में 28 नवंबर से 10 दिसंबर तक किया जाएगा। इस बार टूर्नामेंट में पहली बार 24 देशों की टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें भारत, चीन, बेल्जियम, जापान, स्पेन, न्यूजीलैंड, चिली, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया जैसे देश शामिल हैं। भारत ने वर्ष 2001 और 2016 में यह खिताब जीता था और इस बार मेजबान के रूप में तीसरी बार चैंपियन बनने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगा।
मेजर ध्यानचंद और केडी सिंह बाबू को किया याद
सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश की धरती हॉकी के महानायक मेजर ध्यानचंद और केडी सिंह बाबू जैसे अमर खिलाड़ियों की कर्मभूमि रही है। उन्होंने कहा, “मेजर ध्यानचंद ने भारत को तीन ओलंपिक में स्वर्ण पदक दिलाकर दुनिया के खेल इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अपना नाम दर्ज कराया। हमें गर्व है कि वे उत्तर प्रदेश की माटी से थे।”
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार मेरठ में मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का निर्माण कर रही है, जिसका पहला शैक्षणिक सत्र प्रारंभ हो चुका है। यह विश्वविद्यालय खेल प्रतिभाओं के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर का केंद्र बनेगा। केडी सिंह बाबू के योगदान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि बाराबंकी स्थित उनके निवास को संग्रहालय (म्यूजियम) के रूप में विकसित किया जा रहा है, ताकि नई पीढ़ी उनके योगदान से प्रेरणा प्राप्त कर सके।

उत्तर प्रदेश के हॉकी खिलाड़ियों पर गर्व
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने हॉकी को अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिए हैं, जिन्होंने देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया। उन्होंने पद्म पुरस्कार से सम्मानित खिलाड़ियों जैसे मोहम्मद शाहिद, अशोक कुमार, रवींद्र पाल, सैयद अली, डॉ. आर.पी. सिंह, सुजीत कुमार, अब्दुल अजीज, सुबोध खांडेकर, रजनीश मिश्र, मोहम्मद शकील, देवेश चौहान, एम.पी. सिंह, जगवीर सिंह, राहुल सिंह, विवेक सिंह, ललित उपाध्याय, दानिश मुतजबा, राजकुमार पाल, प्रेम माया, रंजना श्रीवास्तव, मंजू बिष्ट, पुष्पा श्रीवास्तव और प्रीति दुबे का नाम विशेष रूप से लिया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में भी राजकुमार पाल, उत्तम सिंह, विष्णुकांत सिंह, मुमताज, साक्षी, ज्योति और पूर्णिमा जैसे खिलाड़ी भारतीय सीनियर और जूनियर टीमों में चयनित होकर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
खेल भावना को बढ़ावा देने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश में हॉकी का इतिहास स्वर्णिम रहा है और हम इसे और आगे ले जाने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं। मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी जैसे प्रोजेक्ट हमारे इसी संकल्प का हिस्सा हैं।
योगी आदित्यनाथ ने एफआईएच हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप 2025 से जुड़े सभी पदाधिकारियों का लखनऊ आगमन पर स्वागत किया और टूर्नामेंट की सफलता की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भारतीय टीम के सभी खिलाड़ियों की जीत और शानदार प्रदर्शन की कामना भी की।
इस अवसर पर प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव, खेल विभाग के सचिव सुहास एल. वाई. वी., निदेशक डॉ. आर.पी. सिंह, हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह, डीजी हॉकी इंडिया कमांडर आर.के. श्रीवास्तव, उत्तर प्रदेश हॉकी महासचिव रजनीश कुमार मिश्रा, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी ललित उपाध्याय सहित कई अधिकारी और खिलाड़ी मौजूद रहे।











