Foldable iPhone लॉन्च से पहले सैमसंग सक्रिय, प्रतिस्पर्धा के लिए बना रही नया प्लान

सैमसंग Z Fold 8 और Z Flip 8 को पतले डिजाइन में लाने की तैयारी में है और 5 दिसंबर को TriFold फोन लॉन्च करेगी। कंपनी फोल्डेबल बाजार में पकड़ मजबूत करना चाहती है।

सैमसंग फोल्डेबल iPhone के संभावित लॉन्च से पहले अपने Galaxy Z Fold 8 और Z Flip 8 को पतले डिजाइन में लाने की तैयारी कर रही है। कंपनी स्लिम स्मार्टफोन के बढ़ते ग्लोबल ट्रेंड और बाजार में बढ़ती प्रतिस्पर्धा को देखते हुए यह रणनीति अपना रही है। इसके साथ ही वह अगले महीने अपना ट्राई-फोल्ड फोन Galaxy Z TriFold भी पेश करेगी।

Foldable Smartphone Market: सियोल में सैमसंग अगले साल आने वाले फोल्डेबल iPhone को ध्यान में रखते हुए अपने नए फोल्डेबल डिवाइस पर काम तेज कर रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी Galaxy Z Fold 8 और Z Flip 8 को पतले डिजाइन में उतारने की तैयारी में है, क्योंकि सितंबर 2025 में Apple की एंट्री से बाजार में प्रतिस्पर्धा बढ़ने की उम्मीद है। इसी रणनीति के तहत सैमसंग 5 दिसंबर को अपना पहला ट्राई-फोल्ड फोन Galaxy Z TriFold भी लॉन्च करने जा रही है, जिसे फोल्डेबल सेगमेंट में अपनी मौजूदगी और मजबूत करने की कोशिश माना जा रहा है।

सैमसंग की नई रणनीति

रिपोर्ट्स के मुताबिक सैमसंग को लग रहा है कि फोल्डेबल iPhone बाजार में बड़ा बदलाव ला सकता है और कई यूजर्स का ध्यान अपनी ओर खींच सकता है। इसी वजह से कंपनी Galaxy Z Fold 8 और Z Flip 8 को स्लिम डिजाइन में लाने की ओर बढ़ रही है। सैमसंग ने पिछले साल Galaxy Z Fold 7 को काफी पतला बनाकर पेश किया था, जिससे इसकी लोकप्रियता भी बढ़ी थी।

Z Flip 7 की मोटाई पर खास ध्यान नहीं दिया गया था, और माना जा रहा है कि यही वजह उसकी बिक्री पर असर डाल गई। अब कंपनी दोनों मॉडलों को एक जैसे प्रीमियम और पतले डिजाइन के साथ पेश कर सकती है, ताकि यूजर अनुभव बेहतर हो और प्रतिस्पर्धा बढ़ने पर भी उसकी पकड़ बनी रहे।

ग्लोबल ट्रेंड भी सैमसंग का फोकस बढ़ा रहा

पिछले कुछ वर्षों में दुनिया भर में स्लिम स्मार्टफोन का ट्रेंड लगातार बढ़ा है। कई कंपनियां अपने डिवाइस को हल्का और पतला डिजाइन दे रही हैं। इस ट्रेंड को देखते हुए सैमसंग भी अपने फोल्डेबल डिवाइस की थिकनेस पर खास ध्यान दे रही है। कंपनी चाहती है कि उसके नए फोल्डेबल फोन न सिर्फ फीचर-रिच हों, बल्कि डिज़ाइन और एर्गोनॉमिक्स के मामले में भी बेहतर नज़र आएं।

Apple के फोल्डेबल iPhone के आने से पहले ही यह बदलाव सैमसंग के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। क्योंकि Apple की एंट्री से फोल्डेबल बाजार में अचानक मांग और प्रतिस्पर्धा दोनों बढ़ सकती हैं।

सैमसंग का ट्राई-फोल्ड फोन भी लॉन्चिंग के लिए तैयार

सैमसंग अगले महीने अपना पहला ट्राई-फोल्ड फोन Galaxy Z TriFold भी लॉन्च करने जा रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार इसे 5 दिसंबर को पेश किया जा सकता है। फोन में 6.5 इंच की Dynamic AMOLED 2X स्क्रीन होगी, जो खुलकर 10 इंच के डिस्प्ले में बदल जाएगी। यह Snapdragon 8 Elite प्रोसेसर पर चलेगा और 16GB RAM के साथ 256GB से 1TB तक स्टोरेज विकल्प मिल सकते हैं।

Galaxy Z TriFold एंड्रॉयड 16 आधारित One UI 8.0 पर रन करेगा। इसमें दो हिंज दिए जाएंगे, जिससे फोन तीन भागों में फोल्ड हो सकेगा। अनफोल्ड होने पर इसका लुक Galaxy Z Fold 7 जैसा दिखेगा। इस लॉन्च को कंपनी फोल्डेबल मार्केट में अपनी बढ़त और मजबूत करने के रूप में देख रही है।

Leave a comment