महाशिवरात्रि के मौके पर सर्राफा बाजार में सोने और चांदी के दाम स्थिर रहे। लगातार गिरावट के बाद आज कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ। निवेशकों और खरीदारों को इससे अस्थायी राहत मिली है।
Gold-Silver Rate Today: महाशिवरात्रि के मौके पर सर्राफा बाजार से जुड़ी एक अहम खबर सामने आई है। आज सोने और चांदी की कीमतों में कोई बदलाव नहीं दर्ज किया गया है। लगातार तीन कारोबारी दिनों तक चले उतार-चढ़ाव के बाद आज गोल्ड और सिल्वर दोनों के रेट स्थिर नजर आ रहे हैं। इससे निवेशकों और खरीदारों को थोड़ी राहत मिली है, खासकर उन लोगों को जो त्योहार के मौके पर खरीदारी का प्लान बना रहे थे।
इससे पहले राजधानी दिल्ली में लगातार तीन दिनों के भीतर 24 कैरट गोल्ड प्रति 10 ग्राम करीब 1,850 रुपये तक सस्ता हुआ था। वहीं 22 कैरट गोल्ड के भाव में करीब 1,700 रुपये की गिरावट देखने को मिली थी। चांदी की बात करें तो दो कारोबारी दिनों में एक किलो चांदी की कीमत करीब 20,000 रुपये तक टूट चुकी थी। आज इन सभी हलचलों पर फिलहाल विराम लग गया है।
क्यों नहीं बदले आज सोने के रेट
महाशिवरात्रि के दिन घरेलू बाजार में मांग और सप्लाई दोनों ही सीमित रहती है। इसके अलावा इंटरनेशनल मार्केट में भी आज सोने और चांदी में कोई बड़ा मूवमेंट नहीं दिखा। इसी वजह से आज सर्राफा बाजार में दाम स्थिर रखे गए हैं। एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह ठहराव अस्थायी है और आने वाले दिनों में फिर से हलचल देखने को मिल सकती है।
10 बड़े शहरों में गोल्ड का आज का भाव
अगर आप आज सोना खरीदने या निवेश करने का मन बना रहे हैं, तो सबसे पहले शहर के हिसाब से रेट जानना जरूरी है। देश के 10 प्रमुख शहरों में आज 24 कैरट, 22 कैरट और 18 कैरट गोल्ड के भाव इस प्रकार हैं।
- दिल्ली में 24 कैरट गोल्ड 1,57,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा है। 22 कैरट गोल्ड का भाव 1,44,750 रुपये और 18 कैरट गोल्ड का रेट 1,18,460 रुपये है।
- मुंबई में 24 कैरट सोना 1,57,750 रुपये, 22 कैरट 1,44,600 रुपये और 18 कैरट 1,18,310 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर मिल रहा है।
- कोलकाता में भी मुंबई जैसे ही रेट देखने को मिल रहे हैं। यहां 24 कैरट गोल्ड 1,57,750 रुपये, 22 कैरट 1,44,600 रुपये और 18 कैरट 1,18,310 रुपये पर स्थिर है।
- चेन्नई में सोने की कीमतें थोड़ी ज्यादा हैं। यहां 24 कैरट गोल्ड 1,58,840 रुपये, 22 कैरट गोल्ड 1,45,600 रुपये और 18 कैरट गोल्ड 1,24,500 रुपये प्रति 10 ग्राम बिक रहा है।

- बेंगलुरु में 24 कैरट गोल्ड 1,57,750 रुपये, 22 कैरट 1,44,600 रुपये और 18 कैरट 1,18,310 रुपये के भाव पर है।
- हैदराबाद में भी गोल्ड के रेट बेंगलुरु और मुंबई के समान हैं।
- लखनऊ में 24 कैरट गोल्ड 1,57,900 रुपये, 22 कैरट 1,44,750 रुपये और 18 कैरट 1,18,460 रुपये पर बिक रहा है।
- पटना में 24 कैरट गोल्ड का भाव 1,57,800 रुपये, 22 कैरट 1,44,650 रुपये और 18 कैरट 1,18,360 रुपये है।
- जयपुर में भी लखनऊ जैसे ही रेट हैं।
- अहमदाबाद में 24 कैरट गोल्ड 1,57,800 रुपये, 22 कैरट 1,44,650 रुपये और 18 कैरट 1,18,360 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है।
चांदी के दाम में क्या है आज का हाल
चांदी की बात करें तो दो दिनों की लगातार गिरावट के बाद आज इसके दाम स्थिर हो गए हैं। आज 15 फरवरी को दिल्ली में एक किलो चांदी 2,75,000 रुपये पर बिक रही है। आज इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है।
मुंबई और कोलकाता में भी चांदी इसी भाव पर मिल रही है। वहीं चेन्नई में चांदी का भाव सबसे ज्यादा है, जहां एक किलो चांदी 2.80 लाख रुपये में बिक रही है। इससे साफ है कि चारों बड़े महानगरों में चांदी की सबसे ज्यादा चमक आज चेन्नई में नजर आ रही है।
एक्सपर्ट्स की राय
कमोडिटी मार्केट में हालिया तेजी को लेकर एक्सपर्ट्स की राय भी सामने आई है। टैरिफ वॉर, जियो-पॉलिटिकल टेंशन और नरम मौद्रिक नीतियों की उम्मीदों ने बीते कुछ समय में सोने और चांदी की कीमतों को सपोर्ट दिया है।
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज में कमोडिटी और करेंसी रिसर्च के प्रमुख नवनीत दमानी का मानना है कि चांदी में हालिया तेजी मजबूत फंडामेंटल्स से ज्यादा मोमेंटम पर आधारित थी। उनके मुताबिक जब तक चांदी प्रति औंस 100 डॉलर के स्तर को पार नहीं करती, तब तक इसमें बड़ी तेजी टिकाऊ नहीं मानी जा सकती।
नवनीत दमानी का कहना है कि बेहतर स्थिति में चांदी 95 डॉलर प्रति औंस तक जा सकती है, जबकि कमजोर हालात में यह 65 डॉलर तक भी फिसल सकती है। यानी फिलहाल सिल्वर एक तय रेंज में ही घूमता नजर आ सकता है।








