अमेरिका में जारी एपस्टीन फाइलों से एक और गंभीर सच्चाई सामने आई है। दस्तावेजों के मुताबिक जेफ्री एपस्टीन ने वीजा, नकली शादी और पढ़ाई के नाम पर महिलाओं को कानूनी रूप से अपने नियंत्रण में रखा।
America: अमेरिका में कुख्यात फाइनेंसर और यौन अपराधों के आरोपी जेफ्री एपस्टीन से जुड़ी फाइलें सामने आने के बाद लगातार नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा जारी दस्तावेजों में यह साफ होता जा रहा है कि एपस्टीन केवल पैसे और ताकत के दम पर ही नहीं, बल्कि इमिग्रेशन सिस्टम और कानूनी रास्तों का दुरुपयोग करके भी महिलाओं को अपने नियंत्रण में रखता था। इन फाइलों में उसकी गर्लफ्रेंड कैरीना शूलियाक की कहानी खास तौर पर ध्यान खींच रही है।
अमेरिकी न्याय विभाग की फाइलों में क्या है
अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा जारी फाइलों में कई ईमेल, मैसेज, इमिग्रेशन रिकॉर्ड और कानूनी बातचीत शामिल हैं। इनसे पता चलता है कि एपस्टीन ने किस तरह स्टूडेंट वीजा, English language courses और नकली शादियों का सहारा लेकर महिलाओं को अमेरिका में रोके रखा। यह सब इस तरह किया जाता था कि महिलाएं आर्थिक, कानूनी और मानसिक रूप से उस पर निर्भर हो जाएं।
कैरीना शूलियाक की कहानी कैसे आई सामने
फाइलों के अनुसार 2013 की शुरुआत में एपस्टीन की गर्लफ्रेंड कैरीना शूलियाक अपने अमेरिकी वीजा स्टेटस को लेकर काफी तनाव में थी। वह जानती थी कि अगर वीजा से जुड़ी समस्या बढ़ी, तो उसे अमेरिका छोड़ना पड़ सकता है। इसी दौरान उसने उसी साल एक अमेरिकी नागरिक से शादी कर ली। इस शादी के बाद उसे ग्रीन कार्ड मिला और फिर 2018 में अमेरिकी नागरिकता भी मिल गई। नागरिकता मिलने के कुछ समय बाद ही उसने अपने पति से तलाक ले लिया।
नकली शादी का इस्तेमाल कैसे हुआ
फाइलों में बताया गया है कि यह शादी असल रिश्ते की बजाय एक कानूनी रास्ता थी। 9 अक्टूबर 2013 को न्यूयॉर्क में यह शादी हुई। मैरिज रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट से पति का नाम बाद में हटा दिया गया, लेकिन दोनों का पता न्यूयॉर्क के 301 ईस्ट 66th स्ट्रीट पर दर्ज था। यह वही पता है जो एपस्टीन से जुड़ी फाइलों में बार-बार सामने आता है। इसी जगह पर एपस्टीन से जुड़ी कई महिलाएं और उसके खास मेहमान ठहरते थे।
स्टूडेंट वीजा और पढ़ाई का सहारा
![]()
शूलियाक की कहानी केवल शादी तक सीमित नहीं थी। 2011 में उसका एडमिशन Columbia University के डेंटल कॉलेज में कराया गया। रिकॉर्ड में बताया गया कि वह बेलारूस से ट्रांसफर होकर आई थी और पहले अपनी डिग्री पूरी नहीं कर पाई थी। एडमिशन के बाद यह साफ हो गया कि पढ़ाई के साथ-साथ उसका इमिग्रेशन केस एक बड़ी चुनौती बना हुआ है।
इमिग्रेशन अधिकारियों से संपर्क
जुलाई 2012 में कोलंबिया के डेंटल स्कूल के एक अधिकारी ने शूलियाक को ईमेल लिखा। इसमें कहा गया कि अगर उसे इमिग्रेशन ऑफिस के चक्कर लगाने पड़े तो इसके लिए खेद है, लेकिन फिलहाल उसके इमिग्रेशन स्टेटस के साथ सब कुछ ठीक लगता है। यह मेल इस बात का संकेत देता है कि उसके वीजा और स्टेटस को लेकर लगातार बातचीत चल रही थी।
एपस्टीन ने नेटवर्क का कैसे इस्तेमाल किया
एपस्टीन शूलियाक के इमिग्रेशन स्टेटस को किसी भी कीमत पर सुरक्षित करना चाहता था। इसके लिए उसने अपने प्रभावशाली नेटवर्क का इस्तेमाल किया। 2012 के आखिर में उसने इयान ओसबोर्न को ईमेल लिखा और कहा कि वह सीधे पूछताछ नहीं करना चाहता ताकि उसका नाम आधिकारिक फाइलों में न आए। इसके बाद इमिग्रेशन वकीलों, कॉन्फ्रेंस कॉल और बड़ी लॉ फर्म्स के जरिए रास्ता निकाला गया।
वीजा से लेकर ग्रीन कार्ड तक की पूरी प्रक्रिया
शादी के अगले ही दिन शूलियाक ने इमिग्रेशन अपॉइंटमेंट के लिए संपर्क किया। 2014 के मध्य में उसने ग्रीन कार्ड के लिए आवेदन किया और दिसंबर तक इंटरव्यू भी शेड्यूल हो गया। तीन साल बाद उसकी अमेरिकी नागरिकता की प्रक्रिया शुरू हुई और मई तक वह आधिकारिक रूप से अमेरिकी नागरिक बन गई। फाइलों से साफ है कि यह पूरी प्रक्रिया योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाई गई।
नवंबर 2010 के एक ट्रांसक्रिप्ट से पता चलता है कि शूलियाक ने स्पैनिश अमेरिकन इंस्टीट्यूट में एक कोर्स शुरू किया था। यह संस्थान अब मिडटाउन मैनहट्टन में एक English language school के रूप में जाना जाता है। ईमेल, Skype मैसेज और बैंक स्टेटमेंट से यह सामने आया कि एपस्टीन ने न सिर्फ शूलियाक बल्कि कई अन्य महिलाओं की पढ़ाई की फीस भी खुद भरी थी।
एपस्टीन के लोग भी थे शामिल
फाइलों में यह भी सामने आया है कि एपस्टीन के आसपास के लोग महिलाओं को अमेरिका में बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाते थे। उसके लंबे समय तक लीगल एडवाइजर रहे डैरेन इंडीक ने एक महिला की ओर से work visa के लिए आवेदन किया था। उस महिला का नाम दस्तावेजों में हटा दिया गया है, लेकिन यह मामला दिखाता है कि कैसे पूरा सिस्टम एक व्यक्ति के फायदे के लिए इस्तेमाल हो रहा था।










