Google बना रही है AI सिस्टम, जो आपदाओं का समय रहते देगा अलर्ट

गूगल ने Earth ऐप में Gemini AI जोड़ा है। यह बाढ़, तूफान और सूखे जैसी आपदाओं का अनुमान लगाकर प्रभावित लोगों और आपदा प्रबंधन में मदद करेगा।

गूगल ने अपनी Earth ऐप में Gemini AI को इंटीग्रेट कर नई तकनीक पेश की है, जो प्राकृतिक आपदाओं का अनुमान लगाने और संभावित जनहानि का आकलन करने में सक्षम है। सैटेलाइट और मौसम डेटा पर आधारित यह फीचर आपदा प्रबंधन को मजबूत बनाएगा और सरकारों व आम लोगों को समय रहते तैयारी का मौका देगा।

Google Earth Gemini AI Integration: गूगल ने अपनी Earth ऐप में Gemini AI को शामिल कर प्राकृतिक आपदाओं की भविष्यवाणी में बड़ी तकनीकी प्रगति की है। यह अपडेट अब ऐप को बाढ़, तूफान और सूखे जैसी आपदाओं का अनुमान लगाने के साथ यह आकलन करने की क्षमता देता है कि कितने लोग इससे प्रभावित हो सकते हैं। कंपनी का कहना है कि यह तकनीक आपदा राहत कार्यों को पहले से अधिक प्रभावी बनाएगी। गूगल ने इस फीचर को Google Cloud पर भी उपलब्ध कराया है ताकि सरकारें और संगठन अपने सिस्टम में इसे जोड़कर समय पर कदम उठा सकें।

कैसे काम करती है यह तकनीक

Gemini AI को ग्लोबल सैटेलाइट इमेजेस, मौसम के रिकॉर्ड और जनसंख्या डेटा पर ट्रेन किया गया है। यह डेटा AI को जियोस्पैटियल रीजनिंग के जरिए यह समझने में मदद करता है कि किसी इलाके में बाढ़, तूफान या सूखा जैसी स्थिति कब और कहां बन सकती है। खास बात यह है कि यह केवल आपदा का मार्ग नहीं बताती, बल्कि यह भी अनुमान लगाती है कि कितने लोग इसकी चपेट में आ सकते हैं।

आम यूजर्स को भी मिलेगा फायदा

यह फीचर सिर्फ सरकारी एजेंसियों के लिए नहीं, बल्कि आम लोगों के लिए भी उपयोगी है। कोई भी यूजर इससे यह पूछ सकता है कि किसी नदी का जलस्तर क्यों घट रहा है या किसी क्षेत्र में मौसम का पैटर्न कैसे बदल रहा है। Gemini AI सैटेलाइट तस्वीरों और डेटा के आधार पर इसका जवाब दे देगी।
गूगल ने इस फीचर को Google Cloud से भी जोड़ा है, ताकि सरकारें और कंपनियां अपने डेटा सिस्टम में इसे इंटीग्रेट कर सकें। कंपनी का लक्ष्य है कि इस तकनीक से प्राकृतिक आपदाओं से पहले तैयारी कर जान-माल के नुकसान को कम किया जा सके।

Leave a comment