बॉलीवुड से जुड़ी दो बड़ी खबरें सामने आई हैं। एक ओर दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है और उनकी तबीयत में सुधार है, वहीं अभिनेता गोविंदा को तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस बीच गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा का एक वीडियो वायरल हो रहा है।
मुंबई। मंगलवार रात बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा अचानक बेहोश हो गए, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं, इसी दिन दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को भी इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई। धर्मेंद्र के स्वास्थ्य में सुधार की खबर सुनकर फैन्स और इंडस्ट्री में राहत की लहर है। इसी बीच गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह एयरपोर्ट पर माता रानी से धर्मेंद्र के अच्छे स्वास्थ्य की कामना करती नजर आ रही हैं। सुनीता ने कहा— “धर्मेंद्र जी हमारे परिवार जैसे हैं, पंजाबी कभी हार नहीं मानते।” धर्मेंद्र को उनके बेटे बॉबी देओल सुबह घर लेकर गए। सोशल मीडिया पर दोनों सितारों की सलामती के लिए दुआएं की जा रही हैं।
“धर्मेंद्र जी हमारे ही-मैन हैं”
मुंबई। अभिनेता गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह धर्मेंद्र के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करती नजर आ रही हैं। सुनीता ने पैपराजी से बातचीत में कहा कि गोविंदा हाल ही में धर्मेंद्र से मिलने अस्पताल गए थे और वह खुद भी जल्द उनसे मिलने जाएंगी।

उन्होंने भावुक होकर कहा, “वो हमारी फैमिली के फेवरेट और हमारे ही-मैन हैं, पंजाबी कभी हार नहीं मानते।” फैन्स सुनीता की इस सादगी भरी प्रतिक्रिया को खूब सराह रहे हैं।
तुरंत अस्पताल ले जाया गया
बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा की तबीयत मंगलवार रात अचानक बिगड़ने से परिवार में हड़कंप मच गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वे जुहू स्थित अपने घर पर बेहोश हो गए थे। परिजनों ने तत्काल उन्हें क्रिटिकेयर हॉस्पिटल, जुहू पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें भर्ती कर लिया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, उनकी स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है।
हालत में सुधार, रिपोर्ट का इंतजार
डॉक्टर्स ने गोविंदा की कई मेडिकल जांचें की हैं और अब रिपोर्ट आने का इंतजार है, जिसके बाद आगे का इलाज तय किया जाएगा। फिलहाल उन्हें इमरजेंसी वॉर्ड से नॉर्मल रूम में शिफ्ट कर दिया गया है। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, अभिनेता की हालत में लगातार सुधार हो रहा है और वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं। परिवार और प्रशंसकों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।










