छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में मंगलवार सुबह सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। नेशनल पार्क क्षेत्र में डीआरजी, एसटीएफ और दंतेवाड़ा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मुठभेड़ के दौरान 6 नक्सली मारे गए, जबकि एक घायल नक्सली को जिंदा पकड़ा गया। मौके से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद हुए हैं।
बीजापुर (छत्तीसगढ़): नक्सल प्रभावित नेशनल पार्क क्षेत्र में मंगलवार सुबह सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में छह नक्सली ढेर हो गए, जबकि एक घायल नक्सली को जिंदा पकड़ा गया है। सूत्रों के मुताबिक, इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर डीआरजी बीजापुर, डीआरजी दंतेवाड़ा और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
इसी दौरान नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिस पर जवानों ने जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ खत्म होने के बाद क्षेत्र की तलाशी में छह नक्सलियों के शव मिले। मौके से इंसास राइफल, स्टेनगन, 303 राइफल, विस्फोटक सामग्री और नक्सली साहित्य बरामद हुआ। एसपी डॉ. जितेन्द्र यादव ने बताया कि इलाके में सर्च ऑपरेशन अभी जारी है और पकड़े गए नक्सली से पूछताछ की जा रही है।

नक्सल मोर्चे पर सुरक्षा बलों की निर्णायक बढ़त
बीजापुर जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र में हुई मुठभेड़ को सुरक्षा एजेंसियां नक्सल विरोधी अभियान की सबसे बड़ी रणनीतिक सफलता मान रही हैं। बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी. ने बताया कि इस ऑपरेशन ने नक्सली संगठन के नेटवर्क को कमजोर किया है। लंबे समय से सक्रिय इस गुट की मौजूदगी सुरक्षा बलों के लिए चुनौती बनी हुई थी, जिसे इस अभियान ने प्रभावी रूप से ध्वस्त किया है।
आईजी के अनुसार, नक्सली संगठन वर्तमान में नेतृत्व और संसाधनों की कमी से गुजर रहा है, जिससे उनका मनोबल भी गिरा है। इस मुठभेड़ में एक घायल नक्सली को जिंदा पकड़ा गया है, जो आगे की रणनीति के लिए अहम सुराग दे सकता है। घायल नक्सली का इलाज अस्पताल में चल रहा है, जबकि क्षेत्र में सर्च अभियान अभी जारी है।











