कोटा-नागदा ट्रैक पर वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का 180 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सफल ट्रायल हुआ। सुरक्षा, स्थिरता और सुविधाओं में यह ट्रेन नई मिसाल बनेगी और जल्द यात्रियों के लिए शुरू की जाएगी।
Rajasthan: पश्चिम-मध्य रेलवे के कोटा मंडल में स्वदेशी तकनीक से बनी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का फाइनल हाई-स्पीड ट्रायल मंगलवार को सफलतापूर्वक पूरा किया गया। 16 कोच की इस नई पीढ़ी की ट्रेन को कोटा से नागदा रेलवे ट्रैक पर परीक्षण के लिए चलाया गया। जैसे ही ट्रेन रामगंजमंडी क्षेत्र के आगे पहुंची, इसकी गति को धीरे-धीरे बढ़ाकर 180 किलोमीटर प्रति घंटे तक ले जाया गया।
ट्रायल के दौरान लोको पायलट ने ट्रेन की स्थिरता दिखाने के लिए एक खास प्रयोग किया। उन्होंने इंजन में चार गिलास पानी रखे, जो इतनी तेज रफ्तार में भी नहीं छलके। इससे यह साफ हो गया कि ट्रेन की बैलेंसिंग और सस्पेंशन प्रणाली बेहद मजबूत है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इतनी गति पर भी कंपन और झटके न के बराबर रहे।
ब्रेक और तकनीक की कड़ी जांच
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि ट्रेन को शाम करीब 4 बजे कोटा से नागदा के लिए रवाना किया गया था। कुल 225 किलोमीटर के ट्रैक पर अलग-अलग स्पीड लेवल पर ट्रेन की परफॉर्मेंस जांची गई।
![]()
इस दौरान आपातकालीन ब्रेक सिस्टम, सेफ्टी फीचर्स, ऑटोमैटिक नियंत्रण प्रणाली और ट्रैक के साथ तालमेल की गहन जांच की गई। तेज रफ्तार में ट्रेन की दोलन क्षमता, पहियों और पटरी के बीच पकड़, तथा ब्रेक लगाने के बाद रुकने की दूरी को भी परखा गया। अधिकारियों ने बताया कि सभी तकनीकी मानकों पर ट्रेन का प्रदर्शन संतोषजनक रहा और ट्रायल पूरी तरह सफल रहा।
यात्रियों के लिए आराम और आधुनिक सुविधाएं
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को खास तौर पर लंबी दूरी की यात्रा को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। 16 कोच की इस रेक में स्लीपर श्रेणी के लिए आरामदायक बर्थ, बेहतर लेग स्पेस और एडवांस सस्पेंशन सिस्टम दिया गया है, जिससे यात्रियों को झटकों से राहत मिलती है।
ट्रेन में ऑटोमैटिक दरवाजे, आधुनिक और स्वच्छ टॉयलेट, आग से सुरक्षा के लिए अलर्ट सिस्टम, सीसीटीवी आधारित निगरानी, डिजिटल यात्री सूचना डिस्प्ले और ऊर्जा बचत करने वाली तकनीकें लगाई गई हैं। इन सुविधाओं का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और आधुनिक रेल यात्रा का अनुभव देना है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इस ट्रेन को “न्यू जनरेशन ट्रेन” बताया। उन्होंने कहा कि यह भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है। अब ट्रायल सफल होने के बाद जल्द ही यह ट्रेन यात्रियों की सेवा के लिए उपलब्ध कराई जा सकेगी।











