Hanuman Ansh: कौन हैं पूर्णिमा तिवारी? नीम करोली बाबा की पत्नी रामबेटी के किरदार से मिली नई पहचान

Hanuman Ansh: पूर्णिमा तिवारी ने फिल्म में नीम करोली बाबा की पत्नी रामबेटी शर्मा का किरदार निभाया है। जानें कौन हैं पूर्णिमा तिवारी और उनके अब तक के एक्टिंग

नीम करोली बाबा की जिंदगी पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ की शानदार सफलता ने बॉलीवुड और बॉक्स ऑफिस के गणित को बदलकर रख दिया है। महज 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने 36 दिनों में 8581.5 फीसदी का मुनाफा कमाया है, जिसे लोग किसी चमत्कार से कम नहीं मान रहे हैं।

एंटरटेनमेंट न्यूज़: नीम करोली बाबा के जीवन पर आधारित फिल्म 'हनुमान अंश' इन दिनों चर्चा में है। फिल्म की कहानी और कलाकारों के साथ-साथ इसके संगीत को भी दर्शकों का काफी प्यार मिल रहा है। इसी बीच अभिनेत्री पूर्णिमा तिवारी ने भी दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींचा है। फिल्म में वह नीम करोली बाबा की पत्नी रामबेटी शर्मा का किरदार निभा रही हैं। खासकर फिल्म के चर्चित भक्ति गीत 'पार्वती' में उनका अभिनय दर्शकों को भावुक कर रहा है।

फिल्म में शोभिनव सत्या ने नीम करोली बाबा यानी महाराज जी की मुख्य भूमिका निभाई है। वहीं पूर्णिमा तिवारी ने उनकी पारिवारिक जिंदगी से जुड़े हिस्से को पर्दे पर जीवंत किया है। उनके सहज अभिनय और सादगी भरे लुक की सोशल मीडिया पर भी चर्चा हो रही है।

'पार्वती' गाने ने बढ़ाई लोकप्रियता

'हनुमान अंश' का गीत 'पार्वती' फिल्म के लोकप्रिय गानों में शामिल हो गया है। बुंदेली लोक और भक्ति संगीत के रंग में तैयार इस गाने को साधु एस. तिवारी ने लिखा, कंपोज और गाया है। गीत की भावपूर्ण प्रस्तुति ने दर्शकों का ध्यान खींचा है। गाने में पूर्णिमा तिवारी की मौजूदगी ने भी लोगों की दिलचस्पी बढ़ाई है। गीत की लोकप्रियता के साथ अभिनेत्री के बारे में जानने की उत्सुकता भी सोशल मीडिया पर बढ़ी है। उनके किरदार को फिल्म की कहानी में भावनात्मक आधार देने वाला महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।

कौन हैं पूर्णिमा तिवारी?

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से ताल्लुक रखने वाली पूर्णिमा तिवारी मनोरंजन जगत में नई नहीं हैं। 'हनुमान अंश' से उन्हें व्यापक स्तर पर पहचान जरूर मिल रही है, लेकिन वह इससे पहले भी फिल्मों और टेलीविजन प्रोजेक्ट्स में काम कर चुकी हैं। पूर्णिमा ने वर्ष 2019 में इमरान हाशमी की फिल्म 'व्हाय चीट इंडिया' से अभिनय की शुरुआत की थी। 

इसके बाद वह नवाजुद्दीन सिद्दीकी की फिल्म 'रात अकेली है' में गुड़िया के किरदार में नजर आईं। उन्होंने 'हुरदंग', OTT सीरीज 'चूना' और फिल्म 'लकीरें' जैसे प्रोजेक्ट्स में भी काम किया है। फिल्मों के अलावा पूर्णिमा टेलीविजन की दुनिया में भी सक्रिय रही हैं। वह 'प्यार की राहें' और लोकप्रिय टीवी सीरियल 'गुम है किसी के प्यार में' का हिस्सा रह चुकी हैं।

रामबेटी के किरदार में क्यों पसंद आ रही हैं?

'हनुमान अंश' में रामबेटी शर्मा के किरदार के जरिए नीम करोली बाबा की निजी और पारिवारिक जिंदगी का एक अलग पहलू सामने आता है। फिल्म में पूर्णिमा का लुक बेहद सहज रखा गया है, जो उनके किरदार को कहानी के आध्यात्मिक और पारिवारिक वातावरण के साथ जोड़ता है। निर्माताओं के अनुसार, शोभिनव सत्या के साथ पूर्णिमा के कई भावनात्मक दृश्य खास हैं। इन दृश्यों में संवाद सीमित होने के बावजूद अभिनेत्री के चेहरे के भाव और बॉडी लैंग्वेज कहानी को आगे बढ़ाते हैं।

पहले मिला था पार्वती माई का रोल

फिल्म की निर्माता अनुप्रिया नागर के मुताबिक, पूर्णिमा तिवारी को शुरुआत में 'हनुमान अंश' में एक अलग भूमिका के लिए विचार किया गया था। उन्हें पार्वती माई का किरदार दिए जाने की चर्चा थी। हालांकि, अभिनेत्री की इच्छा रामबेटी शर्मा की भूमिका निभाने की थी। आखिरकार निर्माताओं ने उन्हें रामबेटी का किरदार सौंपा। पूर्णिमा ने सोशल मीडिया पर भी इस भूमिका के लिए आभार जताया है। उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर बड़ी संख्या में फॉलोअर्स हैं और फिल्म की रिलीज के बाद उनकी लोकप्रियता में भी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।

Leave a comment