वीर दास और इमरान खान स्टारर फिल्म हैप्पी पटेल खतरनाक जासूस ने बॉक्स ऑफिस पर निराशाजनक शुरुआत की है। पहले दिन फिल्म का कलेक्शन 2 करोड़ रुपये से भी कम रहा। मजबूत स्टारकास्ट और आमिर खान के कैमियो के बावजूद ओपनिंग ठंडी मानी जा रही है।
Happy Patel Box Office Collection: 16 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई हैप्पी पटेल खतरनाक जासूस पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों की कमी से जूझती नजर आई। सैकनिल्क की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म ने ओपनिंग डे पर करीब 1.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। यह फिल्म आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी है और इसमें वीर दास, इमरान खान व अन्य कलाकार नजर आते हैं। लंबे समय बाद चर्चित कलाकारों की वापसी के चलते फिल्म से बेहतर ओपनिंग की उम्मीद थी, लेकिन कमजोर वर्ड ऑफ माउथ और औसत रिव्यू इसकी धीमी शुरुआत की वजह माने जा रहे हैं।
पहले दिन की कमाई ने बढ़ाई चिंता
बॉक्स ऑफिस ट्रैकिंग वेबसाइट सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, ‘हैप्पी पटेल खतरनाक जासूस’ ने रिलीज के पहले दिन करीब 1.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। यह आंकड़ा शुरुआती है और ऑफिशियल डेटा आने के बाद इसमें हल्का बदलाव संभव है।
फिल्म का कलेक्शन 2 करोड़ के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच पाया, जिसे ट्रेड एक्सपर्ट्स एक ठंडी ओपनिंग मान रहे हैं। खासकर उस फिल्म के लिए, जिसमें आमिर खान, वीर दास और इमरान खान करीब 15 साल बाद फिर से एक साथ नजर आए हैं।

दर्शकों और क्रिटिक्स का मिला-जुला रिस्पॉन्स
रिलीज के बाद फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से मिला-जुला रिव्यू मिला है। कुछ लोगों को इसका कॉमिक ट्रीटमेंट और हल्का-फुल्का अंदाज पसंद आया, जबकि कई दर्शकों को इसकी कहानी और स्क्रीनप्ले औसत लगे।
फिल्म का निर्देशन वीर दास और कवि शास्त्री ने मिलकर किया है। स्क्रीनप्ले वीर दास और अमोघ रणदिवे ने लिखा है। कहानी एक ऐसे जासूस के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसके अच्छे इरादे उसे बार-बार अजीब और उलझी परिस्थितियों में डाल देते हैं।
स्टारकास्ट और कैमियो बना चर्चा का विषय
फिल्म में वीर दास और इमरान खान के साथ मोना सिंह, मिथिला पालकर, प्रियांशु चटर्जी और शारिब हाशमी अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं। इसके अलावा आमिर खान का स्पेशल कैमियो भी फिल्म का खास आकर्षण है।
हालांकि मजबूत स्टारकास्ट और चर्चित नामों के बावजूद फिल्म पहले दिन दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में नाकाम रही। अब सबकी नजर वीकेंड के कलेक्शन पर टिकी है, जहां फिल्म को संभलने का मौका मिल सकता है।










