झारखंड के हजारीबाग में चरही एनएच पर अनियंत्रित ट्रेलर ने तीन वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले में रविवार सुबह चरही एनएच स्थित ओवरब्रिज के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। बिहार शरीफ से रांची जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े वाहनों से टकरा गया। दुर्घटना में ट्रेलर सवार दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रकाश होटल के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार यह हादसा रविवार सुबह करीब छह बजे चरही एनएच पर प्रकाश होटल के पास हुआ। बिहार शरीफ से ईंट लादकर रांची जा रहा ट्रेलर अचानक नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे खड़े तीन वाहनों से जा टकराया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेलर के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दो लोग वाहन के भीतर ही दब गए।
दो की मौत, दो गंभीर घायल
हादसे में ट्रेलर में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
दुर्घटना की चपेट में आया एक ट्रक पानीपत से प्लास्टिक दाना लेकर विशाखापत्तनम जा रहा था। बताया गया कि ट्रक चालक होटल के पास चाय पीने के लिए रुका हुआ था, तभी पीछे से ट्रेलर ने टक्कर मार दी।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही चरही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सामान्य कराया गया।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।










