Pune

हिमाचल में मानसून का कहर: मौतों का आंकड़ा 31 पहुंचा, 3 जुलाई तक ऑरेंज अलर्ट

हिमाचल में मानसून का कहर: मौतों का आंकड़ा 31 पहुंचा, 3 जुलाई तक ऑरेंज अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में मानसून की भारी बारिश से अब तक 31 लोगों की मौत हो चुकी है। 4 लापता हैं, 53 सड़कें बंद हैं और 29.16 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। आगामी दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

Himachal Monsoon: हिमाचल प्रदेश में मानसून का कहर जारी है। बीते कुछ दिनों की भारी बारिश ने राज्य के कई हिस्सों में तबाही मचा दी है। राज्‍य आपातकालीन संचालन केंद्र से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार 20 जून से लेकर 27 जून तक बारिश से जुड़ी घटनाओं में 31 लोगों की जान जा चुकी है। साथ ही 4 लोग लापता हैं और 66 लोग घायल हुए हैं।

भारी बारिश से भारी नुकसान

हिमाचल प्रदेश को इस एक सप्ताह में बारिश के चलते कुल 29.16 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है। इस नुकसान में सड़कें, घर, दुकानें, गौशालाएं और पेयजल योजनाएं शामिल हैं। अकेले लोक निर्माण विभाग (PWD) को 27.43 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

6 घर तबाह, 8 को नुकसान

राज्यभर में अब तक 6 मकान पूरी तरह से तबाह हो चुके हैं जबकि 8 मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा 7 दुकानों और 8 गौशालाओं को भी भारी नुकसान हुआ है। इन घटनाओं में कुल 37 मवेशी और पक्षी बह गए हैं।

53 सड़कें बंद, ट्रांसपोर्ट और बिजली पर असर

प्रदेश में भारी भूस्खलन और जलभराव के चलते 53 सड़कें यातायात के लिए पूरी तरह बंद हो चुकी हैं। इससे आम लोगों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई है। कुल्लू जिला सबसे अधिक प्रभावित है, जहां 23 सड़कें बंद हैं।

इसी तरह मंडी जिले में 16 सड़कें अब भी बंद हैं। निरमंड और आनी जैसे क्षेत्रों में जलापूर्ति और बिजली व्यवस्था लगभग ठप हो गई है। यहां 74 ट्रांसफार्मर और 118 पेयजल योजनाएं काम नहीं कर रही हैं। राज्यभर में कुल 135 बिजली ट्रांसफार्मर और 147 पेयजल योजनाएं बंद हैं।

अन्य जिलों की स्थिति

किन्नौर में 33 पेयजल योजनाएं ठप हैं जिससे हजारों लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने हालात को देखते हुए लोगों को अत्यधिक सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

ऑरेंज अलर्ट जारी

भारतीय मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के लिए आगामी 3 जुलाई तक भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। विशेष रूप से 29 जून को अत्यधिक वर्षा की संभावना जताई गई है, जिस कारण राज्य में ऑरेंज अलर्ट घोषित कर दिया गया है।

बाढ़ का खतरा और चेतावनी

शिमला और सिरमौर जिलों के लिए अगले 24 घंटों में फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) की चेतावनी जारी की गई है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे नदियों, नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें।

Leave a comment