राहुल गांधी ने असम दौरे पर CM हिमंत बिस्वा सरमा को भ्रष्ट बताते हुए जेल भेजने की बात कही। सरमा ने पलटवार करते हुए राहुल की जमानत का जिक्र किया।
Rahul vs Hemant: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने असम के चायगांव में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य की सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त है और मुख्यमंत्री को जनता के सामने एक दिन जवाब देना होगा। राहुल गांधी ने दावा किया कि हिमंत बिस्वा सरमा जेल जाएंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह भी उन्हें नहीं बचा पाएंगे।
मुख्यमंत्री को बताया 'डरे हुए राजा'
राहुल गांधी ने सीएम सरमा पर निशाना साधते हुए कहा कि असम के मुख्यमंत्री खुद को राजा समझते हैं। उन्होंने कहा, "जब आप उनकी आवाज सुनते हैं या आंखों में देखते हैं, तो डर झलकता है। वे जानते हैं कि एक दिन उन्हें जेल जाना पड़ेगा। असम की जनता एक दिन उन्हें उनके भ्रष्टाचार का हिसाब देगी।"
'मोदी-शाह भी नहीं बचा पाएंगे' - राहुल गांधी
राहुल गांधी ने आगे कहा कि भाजपा सरकार की नीतियां देश को नुकसान पहुंचा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि कोविड, नोटबंदी और गलत GST जैसे मुद्दों पर जो उन्होंने पहले कहा था, वही सच निकला। अब वह कह रहे हैं कि हिमंत बिस्वा सरमा जेल जाएंगे और इस बार भी उनका दावा सही साबित होगा।
उन्होंने कहा, "असम के मुख्यमंत्री लगातार जमीन की चोरी कर रहे हैं। कभी सोलर पार्क के नाम पर, कभी रिसॉर्ट के बहाने। यह बात असम का बच्चा-बच्चा जानता है। जब समय आएगा, तो असम की जनता ही उन्हें सबक सिखाएगी।"
हिमंत बिस्वा सरमा का करारा जवाब
राहुल गांधी के आरोपों पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी खुद कई मामलों में जमानत पर बाहर हैं और दूसरों को जेल भेजने की बात करते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा, "राहुल गांधी भूल जाते हैं कि वे स्वयं देशभर में दर्ज कई आपराधिक मामलों में जमानत पर हैं। मेरी शुभकामनाएं उनके साथ हैं। असम की मेहमाननवाजी का आनंद लें।"
बंद बैठक में दिए गए बयान का भी जिक्र
सरमा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने कांग्रेस की एक बंद बैठक में कहा था कि वे हिमंत बिस्वा सरमा को जेल भेजेंगे। उन्होंने कहा कि यह बयान राहुल गांधी की मानसिकता को दर्शाता है और यह दिखाता है कि वे सत्ता में आते ही प्रतिशोध की राजनीति करेंगे।
बिहार में वोटर लिस्ट को लेकर भी हमला
राहुल गांधी ने बिहार में चुनाव आयोग और बीजेपी पर भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बिहार में नई वोटर लिस्ट तैयार की जा रही है और उसमें लाखों गरीब, मजदूर, किसान और विपक्षी दलों के समर्थकों को हटाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यही काम असम में भी दोहराने की कोशिश की जाएगी।
उन्होंने कहा, "हम बिहार में इसके खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं और असम में भी ऐसा नहीं होने देंगे। बीजेपी चुनाव आयोग के साथ मिलकर लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश कर रही है, लेकिन हम ऐसा नहीं होने देंगे।"