अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर फाइनल ब्लो विकल्प तैयार किया है। इसमें खार्ग, लारक और अबू मुसा द्वीप पर कब्जा, तेल टैंकरों की जब्ती और परमाणु केंद्रों पर हमले शामिल हैं। यह होर्मुज जलडमरूमध्य में नियंत्रण सुनिश्चित करेगा।
America: अगर ईरान के साथ अमेरिका की वार्ता में युद्ध विराम पर कोई समझौता नहीं होता है, तो अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर निर्णायक दबाव डालने के लिए “फाइनल ब्लो” विकल्प तैयार किया है। इस प्लान का उद्देश्य ईरान की सैन्य और आर्थिक क्षमताओं को सीमित करना और होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिका का नियंत्रण सुनिश्चित करना है। अमेरिकी प्रशासन ने इस विकल्प को रेडी किया है, जिसमें कई आक्रामक और रणनीतिक कदम शामिल हैं।
खार्ग द्वीप पर कब्जा
ट्रंप का पहला और सबसे महत्वपूर्ण कदम ईरान के खार्ग द्वीप पर कब्जा या नाकाबंदी करना है। यह ईरान का प्रमुख तेल निर्यात केंद्र है, जहां से लगभग 90 प्रतिशत तेल विदेश भेजा जाता है। अमेरिका पहले ही इस द्वीप पर सैन्य ठिकानों को निशाना बना चुका है, लेकिन तेल उत्पादन और निर्यात की सुविधाएं बरकरार रखी हैं। इस ऑपरेशन में अमेरिकी मरीन और 82वीं एयरबोर्न डिवीजन का इस्तेमाल किया जा सकता है, जिससे ईरान की अर्थव्यवस्था को बड़ा झटका लगेगा और तेल निर्यात प्रभावित होगा।
लारक द्वीप पर आक्रमण
दूसरे चरण में अमेरिका ईरान के लारक द्वीप पर आक्रमण करने पर विचार कर रहा है। यह द्वीप होर्मुज जलडमरूमध्य के पास स्थित है और ईरानी तेल निर्यात और नौसैनिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र माना जाता है। इसे IRGC नियंत्रित करता है। यहां कब्जा करने से अमेरिका को जलडमरूमध्य के ईरानी हिस्से पर प्रत्यक्ष नियंत्रण हासिल होगा, जो रणनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है।
अबू मुसा द्वीप पर नियंत्रण
ट्रंप का अगला विकल्प अबू मुसा और आसपास के द्वीपों पर कब्जा करना है। यह द्वीप होर्मुज जलडमरूमध्य के प्रवेश द्वार पर स्थित है और ईरान तथा UAE के बीच लंबे समय से विवादित रहा है। अमेरिकी नियंत्रण से इस जलमार्ग पर सामरिक लाभ मिलेगा और ईरानी गतिविधियों को सीमित किया जा सकेगा।
![]()
ईरानी तेल टैंकरों की जब्ती
अमेरिका अपने प्लान में ईरानी तेल टैंकरों को रोकने या जब्त करने का विकल्प भी शामिल कर रहा है। “Open for all or closed for all” नीति के तहत, अमेरिका जलमार्ग में सभी ईरानी टैंकरों पर नौसैनिक क्वारंटाइन लगा सकता है। यह खार्ग द्वीप पर सीधे हमला करने की तुलना में ज्यादा आसान और सुरक्षित विकल्प माना जा रहा है।
परमाणु और ऊर्जा साइटों पर हमले
फाइनल ब्लो प्लान में ईरान के परमाणु और ऊर्जा केंद्रों पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले करने की योजना भी है। इसमें ईरान के परमाणु सुविधाएं, पावर प्लांट और मिसाइल उत्पादन केंद्र शामिल हैं। यह कदम ईरान की रणनीतिक और सैन्य क्षमताओं को कमजोर करने का प्रयास है।
जमीनी अभियान का विकल्प
ट्रंप का सबसे चुनौतीपूर्ण विकल्प ईरान के भीतर जमीनी अभियान चलाना है। इस ऑपरेशन के तहत अमेरिकी विशेष बल संवर्धित यूरेनियम और अन्य परमाणु सामग्री को जब्त करने के लिए ईरान में सक्रिय हो सकते हैं। हालांकि ट्रंप ने कहा है कि वे “बूट्स ऑन द ग्राउंड” नहीं चाहते, लेकिन इस योजना के तहत सभी विकल्प खुले हैं और जरूरत पड़ने पर जमीनी कार्रवाई की जा सकती है।
होर्मुज जलडमरूमध्य का महत्व
इस पूरी रणनीति का केंद्र होर्मुज जलडमरूमध्य है। यह विश्व के प्रमुख तेल मार्गों में से एक है, जिससे लगभग 20 प्रतिशत वैश्विक क्रूड ऑयल और LNG गुजरता है। ट्रंप का उद्देश्य जलडमरूमध्य को पूरी तरह से खुलवाना और ईरान के नियंत्रण को कमजोर करना है। इसके साथ ही अमेरिका ईरान को यह संदेश देना चाहता है कि युद्ध विराम पर बातचीत न होने की स्थिति में सैन्य कार्रवाई तैयार है।











