Housing Prices: लग्जरी मकानों के दाम में रिकॉर्ड बढ़त, किफायती मकानों में कम इजाफा

Housing Prices: लग्जरी मकानों के दाम में रिकॉर्ड बढ़त, किफायती मकानों में कम इजाफा

देश के प्रमुख शहरों में लग्जरी मकानों की कीमतों में 2022-25 के बीच 40% तक वृद्धि हुई है। NCR में 72%, MMR में 43% और बेंगलुरु में 42% बढ़ोतरी दर्ज की गई। किफायती मकानों की कीमतें धीमी रफ्तार से बढ़ी हैं।

Housing Prices: देश के टॉप-7 शहरों में लग्जरी हाउसिंग सेगमेंट ने पिछले तीन सालों में जबरदस्त तेजी दिखाई है। Anarock रिसर्च की रिपोर्ट के मुताबिक 1.5 करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत वाले लग्जरी मकानों की औसत कीमतों में 2022 से 2025 के बीच 40 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है, जबकि किफायती मकानों (40 लाख रुपये से कम) की कीमतें सिर्फ 26 फीसदी बढ़ीं।

NCR में सबसे महंगे हुए लग्जरी मकान

रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि दिल्ली-NCR में लग्जरी मकानों की कीमतों में सबसे ज्यादा 72 फीसदी की वृद्धि हुई है। 2022 में यहां औसत कीमतें 13,450 रुपये प्रति वर्ग फुट थीं, जो 2025 में बढ़कर 23,100 रुपये प्रति वर्ग फुट हो गईं। MMR में 43 फीसदी, बेंगलूरु में 42 फीसदी और चेन्नई में 35 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। MMR में लग्जरी मकानों की औसत कीमत अब 40,200 रुपये प्रति वर्ग फुट तक पहुंच गई है।

किफायती मकानों में सबसे कम बढ़ोतरी

40 लाख रुपये से कम कीमत वाले मकानों की कीमतों में तीन वर्षों में सबसे कम 26 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। यह सेगमेंट मांग की कमी से जूझ रहा है। इसके बावजूद NCR में किफायती मकानों की कीमतें 48 फीसदी बढ़ीं, जबकि हैदराबाद में 35 फीसदी इजाफा हुआ।

मिड और प्रीमियम सेगमेंट में भी मजबूती

40 लाख से 1.5 करोड़ रुपये कीमत वाले मिड-सेगमेंट मकानों की औसत कीमतें 6,880 रुपये से बढ़कर 9,537 रुपये प्रति वर्ग फुट हो गईं। बेंगलुरु में इस सेगमेंट में सबसे ज्यादा 62 फीसदी का उछाल आया, जबकि NCR ने 54 फीसदी की बढ़त दिखाई।

लग्जरी मकानों की बढ़ती मांग के कारण

Anarock के चेयरमैन अनुज पुरी के अनुसार बड़े मकानों की मांग लगातार बढ़ रही है। HNI और UHNI की संख्या में तेज वृद्धि, मजबूत आर्थिक माहौल, लागत और मांग बढ़ना इसके मुख्य कारण हैं। 2025 की पहली 9 तिमाहियों में बिके 2.87 लाख मकानों में से लगभग 30 फीसदी लग्जरी सेगमेंट में थे, जो रिकॉर्ड स्तर है। ब्रांडेड डेवलपर्स की सप्लाई भी बढ़ी है।

शहरवार मकानों की कीमतें 2025

लग्जरी सेगमेंट – MMR ₹40,200, NCR ₹23,100, चेन्नई ₹18,500, बेंगलूरु ₹16,700, पुणे ₹15,200, हैदराबाद और कोलकाता ₹14,200।
मिड-सेगमेंट – MMR ₹16,400, NCR ₹9,750, बेंगलूरु ₹9,140, हैदराबाद ₹8,420।
किफायती सेगमेंट – MMR ₹6,450, NCR ₹5,200, पुणे ₹5,850, बेंगलूरु ₹5,450, कोलकाता ₹4,040।

इस रिपोर्ट से साफ है कि लग्जरी हाउसिंग मार्केट में निवेशकों की रुचि और कीमतों में तेजी लगातार बढ़ रही है, जबकि किफायती मकानों में खरीदारी अभी भी सीमित है।

Leave a comment