आईसीसी (ICC) की ताजा महिला क्रिकेट रैंकिंग में बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। भारतीय टीम की उप-कप्तान स्मृति मंधाना को वनडे बैटिंग रैंकिंग में एक स्थान का नुकसान हुआ है और वे दूसरे पायदान पर खिसक गई हैं।
स्पोर्ट्स न्यूज़: ICC की ताजा महिला रैंकिंग में बदलाव देखने को मिले हैं। साउथ अफ्रीकी खिलाड़ियों को ICC महिला T20I रैंकिंग में काफी फायदा हुआ है। साउथ अफ्रीका की बाएं हाथ की स्पिनर नॉनकुलुलेको म्लाबा अपने दमदार प्रदर्शन के चलते 4 स्थान की उछाल लेकर छठे पायदान पर पहुंच गई हैं। आयरलैंड के खिलाफ तीन मैचों की T20 सीरीज के पहले दो मुकाबलों में म्लाबा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट लिए। उन्होंने इन दो मैचों में केवल 11.33 की औसत से तीन विकेट झटके, जिससे उन्हें ICC रैंकिंग में सीधे लाभ हुआ है।
नॉनकुलुलेको म्लाबा ने दिखाया दम
25 साल की नॉनकुलुलेको म्लाबा ने हाल ही में आयरलैंड के खिलाफ तीन मैचों की T20I सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया। पहले दो मैचों में उन्होंने केवल 11.33 की औसत से तीन विकेट झटके, जिससे उनकी आईसीसी रैंकिंग में तेजी से वृद्धि हुई। म्लाबा अब ऑस्ट्रेलिया की नंबर-1 T20I बॉलर एनाबेल सदरलैंड से केवल 31 रेटिंग पॉइंट पीछे हैं। आगामी मुकाबलों में उनके पास नंबर-1 बनने का सुनहरा मौका है। उनके अलावा भारत की दीप्ति शर्मा और पाकिस्तान की सादिया इकबाल संयुक्त रूप से दूसरे पायदान पर हैं।

टी20आई बैटिंग रैंकिंग में श्रीलंका की चमारी अट्टापट्टू एक स्थान ऊपर बढ़कर छठे पायदान पर पहुंच गई हैं, जबकि भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर भी एक स्थान ऊपर होकर 15वें नंबर पर हैं। टॉप पोजीशन पर ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी 794 रेटिंग पॉइंट्स के साथ बरकरार हैं।
स्मृति मंधाना को वनडे में झटका
वनडे महिला बैटिंग रैंकिंग में नंबर-1 पर लौरा वोल्वार्ड्ट (Laura Wolvaardt) दो स्थान ऊपर बढ़कर 814 रेटिंग पॉइंट्स के साथ पहले स्थान पर हैं। वहीं स्मृति मंधाना को एक स्थान का नुकसान हुआ और वे दूसरे पायदान पर खिसक गई हैं। इसके अलावा ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी एश्ले गार्डनर को भी एक स्थान का नुकसान झेलना पड़ा। स्मृति मंधाना के पीछे फोबे लिचफील्ड ने 13 स्थान की छलांग लगाई और रैंकिंग में तेजी से ऊपर आई हैं।
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर चार स्थान की उछाल के साथ 14वें पायदान पर हैं। वनडे रैंकिंग में जेमिमाह रोड्रिग्ज ने नौ स्थान की छलांग लगाकर 10वें पायदान पर 658 रेटिंग पॉइंट्स के साथ अपनी स्थिति मजबूत की है।










