IndiGo एयरलाइन परिचालन संकट के बाद सामान्य हुई। CEO पीटर अल्बर्स ने यात्रियों से हुई असुविधा पर माफी मांगी और भरोसा दिलाया कि सभी उड़ानें अब समय पर चलेंगी, खोए सामान लौटाए जा रहे हैं और टिकट राशि वापसी की गई।
IndiGo Update: पिछले कई दिनों से परिचालन संकट का सामना कर रही IndiGo एयरलाइन अब धीरे-धीरे सामान्य संचालन पर लौट रही है। एयरलाइन के CEO पीटर अल्बर्स ने हाल ही में एक बयान में कहा कि एयरलाइन अब अपने पैरों पर वापस खड़ी हो गई है और परिचालन स्थिर हो गया है। उन्होंने यात्रियों से हुई असुविधा के लिए माफी मांगी और बताया कि संकट के दौरान टीम ने हर संभव प्रयास किए।
CEO ने भरोसा दिलाया, परिचालन अब स्थिर
पीटर अल्बर्स ने कहा कि अचानक आए व्यवधान के दौरान एयरलाइन ने यात्रियों को निराश किया, जिसके लिए उन्हें खेद है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अब सभी ऑपरेशन स्थिर हैं और एयरलाइन की पूरी टीम लगातार यह देख रही है कि भविष्य में ऐसी कोई समस्या न आए। उन्होंने कहा कि एयरलाइन ने फंसे हुए यात्रियों की मदद करने के लिए पूरी कोशिश की और सभी कैंसिल हुई टिकटों का पैसा वापस कर दिया गया।
यात्रियों की सुविधाओं का ध्यान

CEO ने यह भी बताया कि खोए हुए सामान को उनके असली मालिकों तक लौटाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एयरलाइन ने यात्रियों की सुविधा और संतोष को हमेशा प्राथमिकता दी है और भविष्य में ऐसी असुविधा न हो इसके लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं।
परिचालन में होगा सुधार
IndiGo ने इस संकट के दौरान फ्लाइट क्रू रोस्टर, तकनीकी तैयारी, और सिस्टम ऑर्गनाइजेशन का पूर्ण विश्लेषण किया। CEO ने बताया कि एयरलाइन अब यह समझने की कोशिश कर रही है कि यह व्यवधान क्यों हुआ और इससे क्या सबक लिया जा सकता है। यह समीक्षा केवल ऑपरेशन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें क्राइसिस मैनेजमेंट, स्टाफ ट्रेनिंग और कस्टमर सर्विस सिस्टम को भी मजबूत करना शामिल है।
पीटर अल्बर्स ने जोर दिया कि सुरक्षा और यात्रियों की सुविधा हमेशा एयरलाइन की प्राथमिकता रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी एयरलाइन को यात्रियों के साथ असंवेदनशील व्यवहार की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अब सभी उड़ानें समय पर चलेंगी और यात्रियों को कोई परेशानी नहीं होगी।












