अफगानिस्तान के दावे कि इमरान खान की जेल में हत्या हुई से पाकिस्तान में भारी राजनीतिक हलचल मच गई। पाकिस्तान ने दावे को खारिज किया, जबकि परिवार ने 23 दिनों से मुलाकात न मिलने पर इमरान की सुरक्षा और सेहत पर गंभीर चिंता जताई।
Pakistan News: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान 2023 से रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद हैं। उनकी गिरफ्तारी के बाद से ही उन पर जेल में प्रताड़ना, स्वास्थ्य संबंधी लापरवाही और परिवार को न मिलने देने जैसे आरोप लगातार लगते रहे हैं। अब अफगानिस्तान सरकार के एक दावे ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है।
अफगानिस्तान का दावा
अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दावा किया है कि उनके सूत्रों के अनुसार इमरान खान की जेल में हत्या कर दी गई है। अफगान रक्षा मंत्रालय ने कहा कि यह जानकारी उन्हें पाकिस्तानी सैन्य सूत्रों से मिली है जिन्होंने अपनी पहचान गुप्त रखने की बात कही है। उनके अनुसार करीब 17 दिन पहले इमरान खान को रहस्यमयी परिस्थितियों में मार दिया गया।
पाकिस्तान का साफ इनकार

अफगानिस्तान के दावे के तुरंत बाद पाकिस्तान ने इन आरोपों को झूठा बताया। पाकिस्तान सरकार का कहना है कि इमरान खान बिल्कुल सुरक्षित हैं और अदियाला जेल में ही मौजूद हैं। पाकिस्तान ने इसे अफवाह बताते हुए कहा कि ऐसे दावों का कोई आधार नहीं है।
परिवार को नहीं मिलने दिया जा रहा, विरोध तेज
बीते दिन इमरान खान की बहनें नूरीन खान, अलीमा खान और उज्मा खान जेल के बाहर उनसे मिलने पहुंचीं, लेकिन उन्हें अंदर जाने नहीं दिया गया। इसके बाद PTI समर्थक जेल के बाहर प्रदर्शन करने लगे और इमरान खान की हेल्थ रिपोर्ट जारी करने की मांग की गई।
इमरान की बहनों ने आरोप लगाया कि पंजाब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के साथ हिंसक व्यवहार किया। उनका कहना है कि पुलिस ने बाल पकड़कर घसीटा और कई प्रदर्शनकारियों को जबरन हिरासत में लिया।
इमरान खान के परिवार का कहना है कि पिछले 23 दिनों से उन्हें मुलाकात की इजाजत नहीं दी गई। इसी वजह से परिवार को इमरान की सेहत और सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता है। परिवार ने कहा कि अगर सरकार के पास सब कुछ ठीक है, तो उन्हें मिलने से क्यों रोका जा रहा है।












