IND vs NZ ODI 2026: आयुष बडोनी बने वॉशिंगटन सुंदर का रिप्लेसमेंट, भारतीय टीम में पहली बार मिली जगह

IND vs NZ ODI 2026: आयुष बडोनी बने वॉशिंगटन सुंदर का रिप्लेसमेंट, भारतीय टीम में पहली बार मिली जगह

भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर के रिप्लेसमेंट का ऐलान बीसीसीआई ने कर दिया है। सुंदर, जो पहले वनडे मैच में चोटिल हो गए थे, अब वनडे सीरीज के शेष मैचों से बाहर हो गए हैं।

Ayush Badoni: भारतीय क्रिकेट टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में बड़ा झटका लगा है। टीम के ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर पहले वनडे में चोटिल हो गए थे और अब वह बचे हुए दो वनडे मैचों से बाहर हो गए हैं। उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर दिल्ली के 26 वर्षीय बल्लेबाज और ऑलराउंडर आयुष बडोनी को टीम में शामिल किया गया है। यह आयुष के लिए भारतीय टीम में डेब्यू का मौका है।

वॉशिंगटन सुंदर पहले वनडे में गेंदबाजी करते समय चोटिल हो गए थे। उनके बाएं रिब में चोट लगी है और 5 ओवर गेंदबाजी के बाद उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा। उनकी बैटिंग पर भी संशय था, लेकिन मैच के अंत में जब भारत ने लक्ष्य का पीछा करते हुए विकेट खोने शुरू किए, तो सुंदर नंबर 8 पर बैटिंग करने आए। उन्होंने 7 गेंदों में 7 रन बनाए, लेकिन रन लेने के दौरान असहज नजर आए। इसके बाद मेडिकल टीम ने उनका स्कैन किया और रिपोर्ट के अनुसार, रिब की चोट के कारण वह सीरीज के बचे हुए दोनों वनडे मैचों से बाहर हो गए हैं।

बीसीसीआई ने किया रिप्लेसमेंट का एलान

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि आयुष बडोनी को सुंदर का रिप्लेसमेंट बनाया गया है। आयुष अब दूसरे वनडे से पहले राजकोट में भारतीय टीम से जुड़ेंगे। बीसीसीआई के अनुसार, आयुष बडोनी अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और स्पिन बॉलिंग के साथ टीम के लिए एक नई ताकत साबित होंगे।

आयुष बडोनी दिल्ली के दाएं हाथ के बल्लेबाज और ऑलराउंडर हैं। वह तेजतर्रार बल्लेबाजी और स्पिन बॉलिंग दोनों में माहिर हैं। आयुष ने दिल्ली के सॉनेट क्रिकेट क्लब से अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत की, वही क्लब जिसने शिखर धवन और ऋषभ पंत जैसे क्रिकेटर दिए। आयुष ने अंडर-19 क्रिकेट में अपनी प्रतिभा दिखाते हुए श्रीलंका अंडर-19 के खिलाफ 185 रन और 4 विकेट लिए थे। हालांकि, उनके अंडर-19 प्रदर्शन के बावजूद उन्हें दिल्ली की सीनियर टीम में जगह बनाने में समय लगा।

आयुष बडोनी का क्रिकेट करियर

आयुष बडोनी को साल 2022 में लखनऊ सुपरजायंट्स (LSG) ने टीम में शामिल किया। पहले ही मैच में जब टीम 29 रन पर 4 विकेट खो चुकी थी, आयुष ने 41 गेंदों में 54 रन की आक्रामक पारी खेली, जिससे टीम संकट से उबर गई। उनकी शानदार और निडर बल्लेबाजी को देखकर कप्तान केएल राहुल ने उन्हें 'बेबीएबी' का निकनेम दिया। आयुष ने अब तक फर्स्ट क्लास, लिस्ट-ए और टी20 क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है:

  • फर्स्ट क्लास: 21 मैच, 1681 रन और 22 विकेट
  • लिस्ट-ए: 27 मैच, 693 रन और 18 विकेट
  • टी20: 96 मैच, 1788 रन और 17 विकेट

उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और परिस्थितियों के अनुसार शॉट खेलने की क्षमता उन्हें भारतीय टीम के लिए एक अहम ऑलराउंडर बनाती है। आयुष बडोनी अब IND vs NZ दूसरे वनडे से टीम इंडिया में डेब्यू करेंगे। वॉशिंगटन सुंदर की गैरमौजूदगी में वह बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में योगदान देंगे। आयुष की ऑलराउंडिंग क्षमता भारत के लिए न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में अहम साबित हो सकती है।

Leave a comment