India-Russia Forum में रणनीतिक साझेदारी मजबूत, बहुआयामी आर्थिक सहयोग पर दिया जोर

India-Russia Business Forum में मोदी और पुतिन ने 2030 तक 100 अरब डॉलर व्यापार लक्ष्य, निजी निवेश अवसर और लॉजिस्टिक्स सुधार पर साझा घोषणाएँ की।
India-Russia Forum में रणनीतिक साझेदारी मजबूत, बहुआयामी आर्थिक सहयोग पर दिया जोर

India-Russia Business Forum में प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पुतिन ने 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 100 अरब डॉलर से अधिक करने का लक्ष्य रखा। दोनों नेताओं ने निजी निवेश, लॉजिस्टिक्स सुधार और डिजिटल ट्रेड कॉरिडोर जैसे सहयोगी कदमों पर सहमति जताई।

India-Russia Meeting: नई दिल्ली में आयोजित India-Russia Business Forum में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भाग लिया। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय व्यापार और निवेश को बढ़ाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पुतिन द्वारा इतने बड़े प्रतिनिधिमंडल के साथ इस मंच में शामिल होना दोनों देशों के आर्थिक सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

2030 तक व्यापार लक्ष्य 

प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि उन्होंने और पुतिन ने 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 100 अरब डॉलर से अधिक करने का लक्ष्य रखा है। हालांकि, मोदी ने कहा कि हाल की वार्ताओं और सामने आई संभावनाओं के आधार पर यह लक्ष्य समय से पहले हासिल किया जा सकता है। उन्होंने व्यापार में टैरिफ और गैर-टैरिफ बाधाओं को कम करने के प्रयासों का जिक्र किया और बताया कि पिछले 11 वर्षों में भारत ने तेज़ी और परिवर्तन की अभूतपूर्व गति हासिल की है।

मोदी ने यह भी कहा कि सुधार, प्रदर्शन और परिवर्तन (Reform, Perform, Transform) के सिद्धांत पर काम करते हुए भारत तेजी से दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि जीएसटी में अगले सुधार और अनुपालन में कमी, व्यापार को आसान बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

रक्षा और अंतरिक्ष क्षेत्रों में निजी निवेश के अवसर

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अब रक्षा और अंतरिक्ष क्षेत्रों में निजी क्षेत्र के लिए नए अवसर खुले हैं। इसके साथ ही असैन्य-परमाणु क्षेत्र में भी नई संभावनाओं के द्वार खुल रहे हैं। मोदी ने बताया कि यह केवल प्रशासनिक सुधार नहीं है बल्कि मानसिकता में भी बदलाव है। इन सुधारों का उद्देश्य एक विकसित और आत्मनिर्भर भारत बनाना है।

उन्होंने लॉजिस्टिक्स और कनेक्टिविटी के महत्व पर जोर दिया। मोदी और पुतिन ने INSTC (International North-South Transport Corridor) और चेन्नई-व्लादिवोस्तोक कॉरिडोर के माध्यम से पारगमन समय और लागत कम करने की दिशा में काम करने पर सहमति जताई। डिजिटल तकनीक के माध्यम से वर्चुअल ट्रेड कॉरिडोर तैयार किया जाएगा, जिससे सीमा शुल्क, लॉजिस्टिक्स और नियामक प्रक्रियाएँ सरल और तेज़ होंगी।

पुतिन का भारत के आर्थिक विकास पर विश्वास

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि रूसी प्रतिनिधिमंडल केवल ऊर्जा और तेल-गैस आपूर्ति के अनुबंधों के लिए नहीं आया। उनका लक्ष्य भारत के साथ बहुआयामी आर्थिक संबंध विकसित करना है। पुतिन ने भारत की स्वतंत्र और संप्रभु नीति की सराहना की और कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक बन गया है।

उन्होंने भारत के IT और फार्मास्युटिकल क्षेत्रों को दुनिया में अग्रणी बताते हुए कहा कि भारत तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर बन रहा है। पुतिन ने रूस और भारत के व्यापारिक साझेदारी को दीर्घकालिक बताया और बताया कि पिछले तीन वर्षों में व्यापार में 80% तक की वृद्धि हुई है। इस वृद्धि के चलते पिछले वर्ष द्विपक्षीय व्यापार 64 बिलियन डॉलर तक पहुँच गया।

नए आर्थिक दस्तावेज

पुतिन ने कहा कि भारत-रूस आर्थिक सहयोग को और विकसित करने के लिए एक नया दस्तावेज़ तैयार किया गया है। इस दस्तावेज़ के तहत रूसी व्यवसाय भारत से वस्तुओं और सेवाओं की खरीदारी बढ़ाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने व्यापारियों और निवेशकों को भरोसा दिलाया कि रूस सभी पहलों का समर्थन करेगा।

Leave a comment