मंगलवार से अब तक बड़ी संख्या में इंडिगो की उड़ानें रद्द होने से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस स्थिति को देखते हुए और यात्रियों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए रेलवे ने मोर्चा संभाल लिया है।
नई दिल्ली: देश की प्रमुख एयरलाइन इंडिगो द्वारा बड़ी संख्या में उड़ानों के रद्द होने से देशभर में यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हवाई सेवाओं में अचानक आए व्यवधान के कारण हजारों यात्री वैकल्पिक साधन तलाशने को मजबूर हो गए। ऐसे समय में भारतीय रेलवे ने त्वरित और राहत देने वाला कदम उठाते हुए यात्रियों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए 37 ट्रेनों में कुल 116 अतिरिक्त कोच जोड़ने की घोषणा की है। इसके साथ ही चार विशेष ट्रेन सेवाएं भी शुरू की गई हैं, जिससे 114 से अधिक अतिरिक्त यात्राएं संभव हो सकेंगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह निर्णय यात्रियों की भीड़, टिकटों की उपलब्धता और रूट पर बढ़ते दबाव को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। इंडिगो की उड़ान निरस्त होने से विशेष रूप से उत्तर, दक्षिण और पश्चिम भारत के प्रमुख कॉरिडोर पर यात्रा का दबाव तेजी से बढ़ा है।
दक्षिणी, उत्तरी और पश्चिमी रेलवे को सबसे ज्यादा लाभ
सबसे अधिक अतिरिक्त कोच दक्षिणी रेलवे द्वारा लगाए गए हैं। दक्षिणी रेलवे ने 18 प्रमुख ट्रेनों में अतिरिक्त चेयर कार और स्लीपर कोच जोड़े हैं। ये कोच 6 दिसंबर 2025 से प्रभावी होंगे। इसका सीधा लाभ चेन्नई, बेंगलुरु, कोयंबटूर, मदुरै और तिरुवनंतपुरम जैसे व्यस्त मार्गों पर यात्रा करने वाले यात्रियों को मिलेगा। रेलवे के अनुसार इससे दक्षिण भारत में प्रतीक्षा सूची वाले यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
उत्तरी रेलवे ने भी आठ ट्रेनों में 3AC और चेयर कार कोच जोड़कर क्षमता बढ़ाई है। ये बदलाव तुरंत प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। दिल्ली, लखनऊ, कानपुर, वाराणसी और पटना जैसे उच्च यात्री दबाव वाले मार्गों पर इसका सीधा असर दिखाई देगा। वहीं, पश्चिमी रेलवे ने चार से अधिक अधिक मांग वाली ट्रेनों में 2AC और 3AC कोच की सुविधा बढ़ाई है। यह व्यवस्था भी 6 दिसंबर 2025 से लागू होगी। मुंबई, अहमदाबाद, सूरत और दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को इससे बड़ा फायदा मिलेगा।
चार विशेष ट्रेनों का संचालन
![]()
भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को वैकल्पिक सुविधा देने के लिए रेलवे ने चार स्पेशल ट्रेन सेवाएं भी शुरू करने का ऐलान किया है।
- गोरखपुर – आनंद विहार टर्मिनल – गोरखपुर स्पेशल (05591/05592)
यह ट्रेन 7 से 9 दिसंबर 2025 के बीच चार ट्रिप लगाएगी। - नई दिल्ली – शहीद कैप्टन तुषार महाजन – नई दिल्ली रिज़र्व्ड वंदे भारत स्पेशल (02439/02440)
यह हाई-स्पीड ट्रेन 6 दिसंबर 2025 को संचालित होगी। - नई दिल्ली – मुंबई सेंट्रल – नई दिल्ली रिज़र्व्ड सुपरफास्ट स्पेशल (04002/04001)
यह ट्रेन 6 और 7 दिसंबर 2025 को चलेगी। - हज़रत निज़ामुद्दीन – तिरुवनंतपुरम सेंट्रल रिज़र्व्ड सुपरफास्ट स्पेशल (04080)
यह विशेष ट्रेन 6 दिसंबर 2025 को एकतरफा सेवा के रूप में चलाई जाएगी।
इन विशेष ट्रेनों से उन यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी, जिनकी उड़ानें रद्द हो चुकी हैं या जिन्हें अंतिम समय में टिकट नहीं मिल पाया है।
यात्रियों के लिए बड़ी राहत
रेलवे के इस कदम से यह स्पष्ट हो गया है कि आपात स्थिति में रेलवे देश की सबसे भरोसेमंद परिवहन प्रणाली के रूप में उभरकर सामने आता है। अतिरिक्त कोच और विशेष ट्रेनों के संचालन से लाखों यात्रियों को सुरक्षित, सस्ती और समय पर यात्रा का विकल्प मिलेगा। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा से पहले भारतीय रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या IRCTC ऐप पर ट्रेन की स्थिति, अतिरिक्त कोच की उपलब्धता और स्पेशल ट्रेन की समय-सारणी जरूर जांच लें।











