इंग्लैंड ने श्रीलंका के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करते हुए हारी हुई बाजी पलट दी। 128 रनों के छोटे से लक्ष्य का बचाव करते हुए इंग्लैंड ने श्रीलंका की टीम को 116 रनों पर समेट दिया और 12 रनों से रोमांचक जीत दर्ज की।
स्पोर्ट्स न्यूज़: आईसीसी T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने शानदार फॉर्म का प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है। इंग्लैंड ने श्रीलंका के खिलाफ तीसरे और अंतिम T20I मुकाबले में महज 128 रनों के छोटे लक्ष्य का सफलतापूर्वक बचाव करते हुए 12 रनों से रोमांचक जीत दर्ज की और तीन मैचों की सीरीज को 3-0 से अपने नाम कर लिया। यह इंग्लैंड द्वारा T20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अब तक का सबसे छोटा सफलतापूर्वक डिफेंड किया गया स्कोर है।
सैम करन की संघर्षपूर्ण पारी से इंग्लैंड को मिली मजबूती
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने 11 ओवर के भीतर 60 रन पर 6 विकेट गंवा दिए थे। नियमित ओपनर फिल साल्ट पीठ में खिंचाव के कारण मैच नहीं खेल सके, जबकि उनकी जगह आए बेन डकेट पहली ही गेंद पर आउट हो गए। ऐसे मुश्किल हालात में सैम करन ने शानदार संयम दिखाया और टीम को संभाला।
सैम करन ने 48 गेंदों में 58 रन बनाए, उनकी पारी में 6 चौके और 1 छक्का शामिल रहा, उन्होंने लियाम डॉसन (14 रन) के साथ महत्वपूर्ण 47 रनों की साझेदारी की इस साझेदारी की बदौलत इंग्लैंड 128 रन तक पहुंचने में सफल रहा, जो बाद में मैच जिताने वाला स्कोर साबित हुआ। श्रीलंका की ओर से तेज गेंदबाज दुष्मंथा चमीरा ने शानदार प्रदर्शन किया।
उन्होंने 24 रन देकर 5 विकेट झटके, यह उनके T20I करियर का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन रहा. चमीरा की धारदार गेंदबाजी के चलते इंग्लैंड बड़ा स्कोर खड़ा करने से चूक गया, लेकिन बाद में इंग्लैंड की गेंदबाजी ने मैच का रुख पलट दिया।

इंग्लैंड की स्पिन जोड़ी ने पलटा मैच
129 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत संतोषजनक रही, लेकिन मिडिल ऑर्डर इंग्लैंड की स्पिन गेंदबाजी के सामने बिखर गया।विल जैक्स और जैकब बेथेल ने शानदार स्पिन आक्रमण करते हुए श्रीलंकाई बल्लेबाजों की कमर तोड़ दी। जैकब बेथेल का यादगार प्रदर्शन, 4 विकेट सिर्फ 11 रन देकर, आखिरी 8 गेंदों में 4 विकेट लेकर मैच का रुख पलट दिया, उन्होंने महेश तीक्ष्णा का विकेट लेकर पारी का अंत किया
श्रीलंकाई टीम अंततः 116 रन पर ऑलआउट हो गई और इंग्लैंड ने 12 रनों से जीत हासिल की। मैच का निर्णायक मोड़ तब आया जब श्रीलंका को अंतिम 5 ओवरों में सिर्फ 32 रन चाहिए थे। इस दौरान इंग्लैंड की स्पिन जोड़ी ने दबाव बढ़ाया और लगातार विकेट चटकाकर श्रीलंका की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।









