आईपीएल 2027 से पहले Lucknow Super Giants में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। आईपीएल 2026 में टीम के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद Rishabh Pant ने कप्तानी छोड़ दी थी।
स्पोर्ट्स न्यूज़: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के सामने सबसे बड़ा सवाल टीम के नए कप्तान को लेकर बना हुआ है। ऋषभ पंत के टीम से अलग होने के बाद फ्रेंचाइजी को अब नए नेतृत्व की तलाश है। इस बीच दक्षिण अफ्रीका के अनुभवी बल्लेबाज और कप्तान एडन मार्करम का नाम संभावित कप्तानों की सूची में सबसे ऊपर माना जा रहा है।
हालांकि, खुद एडन मार्करम ने LSG की कप्तानी को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है। उन्होंने कहा कि कप्तानी का फैसला फ्रेंचाइजी का अधिकार है और टीम में कई ऐसे खिलाड़ी मौजूद हैं जो नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालने की क्षमता रखते हैं।
ऋषभ पंत के जाने के बाद खाली हुआ कप्तानी पद
लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए पिछला आईपीएल सीजन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा था। टीम के खराब प्रदर्शन के बाद ऋषभ पंत ने कप्तानी छोड़ दी थी। इसके बाद आईपीएल ट्रेड के तहत पंत के दिल्ली कैपिटल्स में लौटने की खबर सामने आई, जबकि कुलदीप यादव लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा बने।ऋषभ पंत के हटने के बाद अब LSG को ऐसे खिलाड़ी की जरूरत है, जो टीम को स्थिर नेतृत्व दे सके और मैदान पर रणनीतिक फैसले लेने में सक्षम हो। टीम में एडन मार्करम, निकोलस पूरन, मिचेल मार्श और अन्य अनुभवी खिलाड़ी मौजूद हैं, जो कप्तानी के दावेदार माने जा रहे हैं।
कप्तानी के सवाल पर क्या बोले एडन मार्करम?

कप्तानी की संभावनाओं को लेकर पूछे गए सवाल पर एडन मार्करम ने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है और फ्रेंचाइजी जिसे सही समझेगी, उसे यह जिम्मेदारी सौंपेगी। मार्करम ने कहा, "मुझे कोई आइडिया नहीं है। वे जिसे कप्तानी के लिए सबसे बेहतर समझेंगे, वही फैसला लेंगे। हमारी टीम में कई गुणवत्ता वाले लीडर मौजूद हैं। इसलिए मैं इस बात को लेकर ज्यादा चिंतित नहीं हूं।
जिसे भी यह जिम्मेदारी मिलेगी, मुझे उम्मीद है कि वह पूरी मेहनत और ईमानदारी के साथ इसे निभाएगा।" उनके इस बयान से साफ है कि वह कप्तानी की दौड़ में होने के बावजूद फैसले को लेकर दबाव नहीं बना रहे हैं।
कप्तानी का अनुभव रखते हैं एडन मार्करम
एडन मार्करम भले ही आईपीएल में अब तक लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी नहीं कर चुके हैं, लेकिन उन्हें नेतृत्व का अच्छा अनुभव है। वह दक्षिण अफ्रीका की टी20 टीम के कप्तान रह चुके हैं और घरेलू व विदेशी टी20 लीगों में भी टीमों का नेतृत्व कर चुके हैं। Durban Super Giants में वह कप्तान की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि Manchester Originals के लिए भी नेतृत्व कर चुके हैं।
टी20 क्रिकेट में कप्तानी का अनुभव और शांत स्वभाव उन्हें LSG के लिए एक मजबूत विकल्प बनाता है। एडन मार्करम के अलावा वेस्टइंडीज के स्टार बल्लेबाज Nicholas Pooran भी कप्तानी के संभावित उम्मीदवारों में शामिल हैं। पूरन को टी20 क्रिकेट में आक्रामक बल्लेबाजी के साथ-साथ नेतृत्व क्षमता के लिए भी जाना जाता है। हालांकि, फ्रेंचाइजी अंतिम फैसला टीम संयोजन, रणनीति और भविष्य की योजनाओं को ध्यान में रखते हुए करेगी।
LSG का संभावित मजबूत स्क्वाड
लखनऊ सुपर जायंट्स के पास आईपीएल 2027 से पहले एक संतुलित टीम मौजूद है। टीम में अनुभवी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ कई युवा प्रतिभाएं भी शामिल हैं। LSG के प्रमुख खिलाड़ियों में एडन मार्करम, निकोलस पूरन, मिचेल मार्श, जोश इंग्लिस, मैथ्यू ब्रीट्जके, एनरिक नॉर्टजे, मोहम्मद शमी, कुलदीप यादव, मयंक यादव, आवेश खान, आयुष बडोनी और मोहसिन खान जैसे नाम शामिल हैं। कुलदीप यादव के टीम में आने से गेंदबाजी विभाग को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।









