ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाली इंटरनेट केबलों पर ट्रांजिट फीस लगाने की तैयारी में है। इससे Google, Meta और Microsoft जैसी कंपनियों के साथ दुनियाभर के इंटरनेट यूजर्स प्रभावित हो सकते हैं।
तेहरान: Iran अब समुद्र के नीचे बिछी इंटरनेट केबलों के जरिए डिजिटल कंट्रोल और कमाई बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरानी मीडिया और IRGC से जुड़े समूह होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाली अंडरसी इंटरनेट केबलों पर ट्रांजिट टैक्स लगाने की मांग कर रहे हैं। अगर यह योजना लागू होती है तो इसका असर वैश्विक इंटरनेट स्पीड, ऑनलाइन सेवाओं की कीमत और डेटा प्राइवेसी पर पड़ सकता है।
इंटरनेट केबलों से कमाई बढ़ाने की तैयारी में ईरान
ईरान अब समुद्र के नीचे बिछी इंटरनेट केबलों को रणनीतिक संपत्ति के तौर पर इस्तेमाल करने की योजना बना रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) से जुड़े मीडिया संगठनों ने सरकार से मांग की है कि होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाली इंटरनेट केबलों के इस्तेमाल पर विदेशी कंपनियों से शुल्क लिया जाए।
![]()
बताया जा रहा है कि ईरानी अधिकारी इस क्षेत्र को एक “डिजिटल टोल बूथ” के रूप में विकसित करना चाहते हैं, जहां से गुजरने वाले वैश्विक डेटा ट्रैफिक पर नियंत्रण और कमाई दोनों बढ़ाई जा सके।
Google और Meta जैसी कंपनियों पर पड़ सकता है असर
तस्नीम और फार्स न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रस्तावित योजना के तहत Meta, Google, Amazon और Microsoft जैसी बड़ी टेक कंपनियों से ट्रांजिट टैक्स वसूला जा सकता है।
इन कंपनियों की इंटरनेट सेवाएं और क्लाउड नेटवर्क समुद्र के नीचे बिछी केबलों पर काफी हद तक निर्भर हैं। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि दुनिया का 99 प्रतिशत से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय इंटरनेट ट्रैफिक अंडरसी केबल नेटवर्क के जरिए गुजरता है।
अगर ईरान यह शुल्क लागू करता है, तो टेक कंपनियों की ऑपरेटिंग लागत बढ़ सकती है।
इंटरनेट स्पीड और ऑनलाइन सेवाओं पर असर संभव
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि कंपनियों को अतिरिक्त टैक्स देना पड़ा, तो उसका असर सीधे यूजर्स पर पड़ सकता है। Google One, Microsoft 365 और क्लाउड स्टोरेज जैसी सेवाओं के सब्सक्रिप्शन महंगे हो सकते हैं।
इसके अलावा यदि कंपनियां होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते को महंगा या जोखिम भरा मानती हैं, तो उन्हें डेटा ट्रैफिक को दूसरे लंबे रूट्स से भेजना पड़ सकता है। इससे इंटरनेट लेटेंसी बढ़ सकती है और ऑनलाइन गेमिंग, वीडियो कॉलिंग व 4K स्ट्रीमिंग जैसी सेवाओं की स्पीड प्रभावित हो सकती है।
डेटा प्राइवेसी को लेकर भी बढ़ सकती है चिंता
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि ईरान विदेशी टेक कंपनियों को स्थानीय नियमों के तहत काम करने की शर्त दे सकता है। इसके तहत केबलों की मरम्मत और रखरखाव का नियंत्रण ईरानी कंपनियों को सौंपने की बात भी सामने आई है।
विशेषज्ञों के अनुसार इससे डेटा प्राइवेसी और निगरानी को लेकर नई चिंताएं पैदा हो सकती हैं, क्योंकि यूजर डेटा स्थानीय कानूनों और मॉनिटरिंग सिस्टम के दायरे में आ सकता है।
डिजिटल पावर बढ़ाने की रणनीति
विश्लेषकों का मानना है कि ईरान इस कदम के जरिए केवल आर्थिक फायदा ही नहीं बल्कि वैश्विक डिजिटल नेटवर्क पर अपनी रणनीतिक पकड़ भी मजबूत करना चाहता है।
होर्मुज जलडमरूमध्य पहले से ही दुनिया के सबसे अहम समुद्री व्यापार मार्गों में शामिल है। अब ईरान इसे डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और डेटा ट्रैफिक कंट्रोल के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में काम करता दिख रहा है।











