Jensen Huang Divorce: पत्नी लोरी से तलाक हुआ तो क्या 6.5 लाख करोड़ की संपत्ति बंटेगी? जानें नियम

Jensen Huang Divorce: Nvidia के पूर्व CEO जेनसन हुआंग और पत्नी लोरी के तलाक की अटकलें तेज हैं। क्या 6.5 लाख करोड़ की संपत्ति बंटेगी? जानें अमेरिकी कानून और नियम

Nvidia के पूर्व CEO जेनसन हुआंग की निजी जिंदगी को लेकर तलाक की अटकलें तेज हैं। उनकी अनुमानित संपत्ति 138.4 अरब डॉलर है। कैलिफोर्निया के कानून के अनुसार संभावित संपत्ति बंटवारे में लोरी हुआंग को कितना हिस्सा मिल सकता है, जानिए।

बिजनेस न्यूज़: Nvidia के पूर्व CEO जेनसन हुआंग के इस्तीफे के बाद उनकी शादीशुदा जिंदगी और संपत्ति को लेकर चर्चा बढ़ गई है। करीब 41 साल पहले लोरी हुआंग से शादी करने वाले जेनसन की संपत्ति अरबों डॉलर में है। अब सवाल उठ रहा है कि अगर दोनों का तलाक होता है तो संपत्ति का बंटवारा कैसे होगा। हालांकि, अभी तक दोनों में से किसी ने तलाक लेने की घोषणा नहीं की है और न ही किसी तलाक याचिका की पुष्टि हुई है।

41 साल पहले हुई थी जेनसन और लोरी की शादी

जेनसन हुआंग और लोरी हुआंग की मुलाकात अमेरिका की ओरेगन स्टेट यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के दौरान हुई थी। दोनों इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे थे। कॉलेज में एक प्रोजेक्ट के दौरान उनकी दोस्ती हुई और बाद में यह रिश्ता शादी तक पहुंचा। दोनों ने साल 1985 में शादी की थी। इसके करीब आठ साल बाद 1993 में जेनसन ने अपने दो साथियों के साथ Nvidia की स्थापना की।

लोरी लंबे समय से जेनसन के साथ रही हैं। दोनों के दो बच्चे मैडिसन और स्पेंसर हैं। परिवार ने शिक्षा, स्वास्थ्य और तकनीकी शोध से जुड़े कामों के लिए एक चैरिटेबल फाउंडेशन भी बनाया है।

जेनसन हुआंग के पास कितनी संपत्ति है?

ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक, 13 नवंबर 2026 को जेनसन हुआंग की अनुमानित नेटवर्थ 138.4 अरब डॉलर थी। भारतीय मुद्रा में यह रकम करीब 13 लाख करोड़ रुपये बैठती है। उनकी संपत्ति का सबसे बड़ा हिस्सा Nvidia के शेयरों से जुड़ा है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी में उनकी हिस्सेदारी करीब 3.5 फीसदी है और कुल संपत्ति का लगभग 97 प्रतिशत हिस्सा इसी निवेश से जुड़ा है।

हालांकि, Nvidia के शेयरों में बदलाव के साथ उनकी संपत्ति भी घटती-बढ़ती रहती है। CEO पद से इस्तीफे के बाद कंपनी के शेयरों में गिरावट आने से उनकी नेटवर्थ को भी नुकसान हुआ है।

तलाक हुआ तो लोरी को मिलेंगे 6.5 लाख करोड़ रुपये?

Jensen Huang Divorce: पत्नी लोरी से तलाक हुआ तो क्या 6.5 लाख करोड़ की संपत्ति बंटेगी? जानें नियम

जेनसन की कुल संपत्ति के आधार पर एक बड़ी रकम की चर्चा हो रही है। यदि 138.4 अरब डॉलर का आधा हिस्सा निकाला जाए तो यह 69.2 अरब डॉलर होगा। एक डॉलर की कीमत 94.10 रुपये मानने पर यह रकम लगभग 6.51 लाख करोड़ रुपये बनती है। इतनी रकम किसी एक व्यक्ति को मिलने की स्थिति में यह दुनिया के सबसे बड़े तलाक समझौतों में शामिल हो सकती है।

लेकिन यहां एक जरूरी बात समझनी होगी। यह सिर्फ गणित के आधार पर निकाला गया अनुमान है। इसका मतलब यह नहीं है कि लोरी को इतनी संपत्ति मिलना तय है। अभी कोई तलाक नहीं हुआ है। न ही अदालत ने संपत्ति के बंटवारे या एलिमनी को लेकर कोई आदेश दिया है। कैलिफोर्निया में तलाक होने पर संपत्ति कैसे बंटती है?

अमेरिका के कैलिफोर्निया में तलाक के समय संपत्ति बांटने के अलग नियम हैं। यहां कम्युनिटी प्रॉपर्टी कानून चलता है। आसान भाषा में समझें तो शादी के बाद पति-पत्नी ने मिलकर जो संपत्ति बनाई है, उसमें आमतौर पर दोनों का बराबर हिस्सा माना जाता है। लेकिन हर चीज पर यह नियम लागू नहीं होता। शादी से पहले किसी के नाम रही संपत्ति, परिवार से विरासत में मिली दौलत या व्यक्तिगत तौर पर मिले उपहार अलग रखे जा सकते हैं। अगर पति-पत्नी ने संपत्ति को लेकर पहले से कोई वैध कानूनी समझौता किया है, तो अदालत उसे भी ध्यान में रखती है।

जेनसन हुआंग और लोरी की शादी उस समय हो चुकी थी, जब Nvidia की शुरुआत भी नहीं हुई थी। ऐसे में यदि दोनों के बीच कभी तलाक की नौबत आती है, तो कंपनी के शेयरों और दूसरी संपत्तियों को लेकर कानूनी सवाल उठ सकते हैं। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं कि जेनसन की कुल दौलत का आधा हिस्सा सीधे लोरी को मिल जाएगा। पहले यह देखना होगा कि कौन-सी संपत्ति कब खरीदी गई, शेयर किसके नाम हैं और कितनी रकम ट्रस्ट या दूसरी वित्तीय व्यवस्थाओं में रखी गई है। इन बातों की जांच के बाद ही बंटवारे की तस्वीर साफ हो सकती है।

क्या लोरी को मिलने वाली रकम 6.5 लाख करोड़ रुपये की एलिमनी होगी?

जेनसन हुआंग की संपत्ति को लेकर चल रही चर्चाओं में 6.5 लाख करोड़ रुपये की रकम का भी जिक्र हो रहा है। लेकिन इसे सीधे एलिमनी कहना ठीक नहीं होगा। दरअसल, तलाक के बाद एक जीवनसाथी को दूसरे की तरफ से गुजारे के लिए मिलने वाली आर्थिक सहायता को एलिमनी कहा जाता है। दूसरी ओर, शादी के दौरान बनी साझा संपत्ति का बंटवारा अलग कानूनी प्रक्रिया है।

कैलिफोर्निया में एलिमनी कितनी होगी, यह तय करते समय अदालत कई बातें देखती है। मसलन, शादी कितने साल चली, पति-पत्नी की कमाई कितनी है और दोनों की आर्थिक जरूरतें क्या हैं। इसलिए केवल जेनसन की कुल संपत्ति का हिसाब लगाकर यह नहीं कहा जा सकता कि लोरी को कितनी रकम मिलेगी। अभी किसी अदालत ने ऐसी कोई राशि तय नहीं की है। ऐसे में 6.5 लाख करोड़ रुपये को निश्चित एलिमनी बताने का कोई आधार नहीं है।

तलाक की अटकलें क्यों बढ़ीं?

जेनसन हुआंग ने हाल ही में अपनी पत्नी के प्रति बेवफाई की बात स्वीकार करते हुए परिवार और Nvidia के कर्मचारियों से माफी मांगी थी। इसके बाद उनकी निजी जिंदगी को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं। इसी बीच 12 नवंबर को Nvidia ने उनके CEO पद से इस्तीफे की पुष्टि की। कंपनी ने CFO कॉलेट क्रेस को अंतरिम CEO नियुक्त किया है।

हालांकि, जेनसन के पद छोड़ने और उनकी शादी के भविष्य को एक ही मामला मानना सही नहीं होगा। उनकी पत्नी लोरी की ओर से तलाक को लेकर कोई सार्वजनिक फैसला सामने नहीं आया है।

Leave a comment