शहडोल में एक जिम में गाना बदलने को लेकर हुई झड़प में ऋषि मिश्रा गंभीर रूप से जख्मी हो गए। पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें पकड़ने की कोशिश शुरू कर दी है।
Madhya Pradesh: शहडोल के बुढ़ार रोड स्थित एक जिम में सोमवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे विवाद बढ़ गया। घटना की शुरुआत तब हुई जब जिम में कुछ युवक तेज आवाज में अश्लील गाने बजा रहे थे। उसी समय जिम में व्यायाम कर रही एक युवती ने उनसे गाने बदलने या आवाज धीमी करने का विनम्र अनुरोध किया।
युवती के अनुरोध को नजर अंदाज करते हुए युवक गाने चलाते रहे। युवती के साथ मौजूद ऋषि मिश्रा ने भी शालीनता से यही अनुरोध दोहराया। इस पर आरोपियों ने गुस्से में आकर ऋषि मिश्रा पर हमला कर दिया।
डम्बल से किया हमला
![]()
आरोपियों ने एकजुट होकर ऋषि मिश्रा पर डम्बल से वार किया। वार के बाद ऋषि गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना जिम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिससे वारदात का पूरा सच सामने आया।
युवती ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन आरोपियों की संख्या अधिक होने के कारण वह सफल नहीं हो सकी। गंभीर रूप से घायल ऋषि मिश्रा को तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस की कार्रवाई
मारपीट की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सब इंस्पेक्टर उपेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि शिकायत के आधार पर 6 युवकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी लिए।
आगे की जांच में आरोपियों की शिनाख्त और मारपीट के कारणों की पुष्टि की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ जल्द कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












