जांजगीर-चांपा के 12वीं छात्र कमलेश जायसवाल ने स्कूल में मानसिक प्रताड़ना और झूठे आरोपों से परेशान होकर फांसी लगाई। परिजनों ने प्राचार्य और टीचर के खिलाफ कार्रवाई और न्याय की मांग की है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Chhattisgarh: जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र के आरसमेटा गांव में 18 वर्षीय कमलेश जायसवाल ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह न्यूवोको पब्लिक स्कूल में 12वीं का छात्र था। कमलेश का शव सोमवार सुबह उसके कमरे में मिला। मौके से चार पन्नों का सुसाइड नोट भी बरामद हुआ।
सुसाइड नोट में कमलेश ने लिखा कि स्कूल की एक जूनियर लड़की ने इंस्टाग्राम पर दोस्ती की और धीरे-धीरे उससे पैसे लेने लगी। उसने दोस्तों से पैसे लेकर फोन रिचार्ज करवाया। इसके बाद उस लड़की ने स्कूल के सीनियर छात्र धनराज साहू से शिकायत कर दी, जिससे कमलेश को मारपीट और प्रताड़ना का सामना करना पड़ा।
सीनियर्स और टीचर द्वारा प्रताड़ना
कमलेश ने सुसाइड नोट में आरोप लगाया कि प्राचार्य सुमंतो विश्वास और टीचर अनुपम पाल ने उसकी बात नहीं सुनी और लगातार उसे दोषी ठहराया। उसने लिखा कि वह निर्दोष था, लेकिन स्कूल स्टाफ और सीनियर्स ने उसे परेशान किया। प्री-एग्जाम के समय भी सीनियर छात्र धनराज साहू ने उसे मारने की कोशिश की।
![]()
छात्र ने बताया कि उसने पहले मुलमुला थाने में शिकायत भी की थी, लेकिन स्कूल में किसी ने उसकी बात नहीं सुनी। परीक्षा के दौरान उसे दो पेपर में जबरदस्ती सप्लीमेंट्री दे दी गई। रिपोर्ट कार्ड लेने पर टीचर ने डुप्लीकेट सिग्नेचर कर उसे निकाल दिया।
परिवार की नाराज़गी
कमलेश के पिता नारायण प्रसाद जायसवाल ने कहा कि उनके बेटे को दो साल से स्कूल में मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी। उन्होंने बताया कि बेटे ने कई बार प्रिंसिपल और टीचर से न्याय की गुहार लगाई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। परिजनों ने आरोपी प्रिंसिपल और टीचर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है और सहायता राशि की भी गुहार लगाई है।
सुसाइड के बाद परिजन ने शव सड़क पर रखकर चक्काजाम किया और कार्रवाई की मांग की। पुलिस की समझाइश के बाद चक्काजाम खत्म हुआ। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और स्कूल स्टाफ से पूछताछ की जा रही है।
सामाजिक पहलुओं पर सवाल
घटना ने स्थानीय लोगों और शिक्षा अधिकारियों में चिंता बढ़ा दी है। छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और स्कूल में सुरक्षित माहौल की अहमियत पर सवाल उठ रहे हैं। घटना से यह स्पष्ट होता है कि छात्र पर अनुचित दबाव और झूठे आरोप गंभीर मानसिक समस्याओं को जन्म दे सकते हैं। पुलिस और प्रशासन ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और मानसिक दबाव रोकने के लिए कदम उठाने की चेतावनी दी है।












