टेलीकॉम कंपनियों के ताजा नतीजों में सामने आया है कि Jio यूजर्स सबसे ज्यादा मोबाइल डेटा इस्तेमाल कर रहे हैं। वहीं Airtel का ARPU सबसे मजबूत बना हुआ है, जबकि Vi अभी भी नेटवर्क अपग्रेड पर फोकस कर रही है।
Tech: Reliance Jio, Bharti Airtel और Vodafone Idea ने FY26 की चौथी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। रिपोर्ट के अनुसार Jio यूजर्स हर महीने सबसे ज्यादा मोबाइल डेटा खर्च कर रहे हैं, जबकि Airtel प्रति ग्राहक कमाई यानी ARPU में सबसे आगे बनी हुई है। वहीं Vi अपने 4G और 5G नेटवर्क विस्तार पर तेजी से काम कर रही है।
डेटा इस्तेमाल में Jio ने छोड़ा बाकी कंपनियों को पीछे
ताजा रिपोर्ट के मुताबिक Reliance Jio के ग्राहक सबसे ज्यादा मोबाइल इंटरनेट डेटा इस्तेमाल कर रहे हैं। कंपनी ने बताया कि उसका एक यूजर औसतन हर महीने 42.3GB डेटा खर्च कर रहा है। यानी रोजाना करीब 1.41GB डेटा उपयोग हो रहा है।

Jio का कुल नेटवर्क डेटा ट्रैफिक 66 बिलियन GB तक पहुंच गया है, जो बाकी टेलीकॉम कंपनियों से काफी ज्यादा है। कंपनी के अनुसार इसकी बड़ी वजह 5G सेवाओं का तेजी से विस्तार है। मार्च 2026 तक Jio के 5G यूजर्स की संख्या 268 मिलियन तक पहुंच चुकी है।
Airtel की कमाई प्रति यूजर सबसे ज्यादा
Bharti Airtel के ग्राहकों ने इस तिमाही में औसतन 31.4GB डेटा हर महीने इस्तेमाल किया। यानी एक यूजर रोज करीब 1.05GB डेटा खर्च कर रहा है। कंपनी का कुल डेटा ट्रैफिक 27,985 मिलियन GB दर्ज किया गया।
हालांकि डेटा इस्तेमाल के मामले में Airtel, Jio से पीछे रही, लेकिन ARPU यानी Average Revenue Per User में कंपनी अब भी सबसे आगे है। Airtel का ARPU 257 रुपये रहा, जो इंडस्ट्री में सबसे मजबूत माना जा रहा है।
कंपनी के एग्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन Gopal Vittal ने कहा कि FY26 Airtel के लिए मजबूत ग्रोथ वाला साल रहा और इस दौरान कंपनी ने 650 मिलियन ग्राहकों का आंकड़ा पार किया।
Vi यूजर्स का डेटा खर्च सबसे कम
Vodafone Idea यानी Vi के अनुसार उसके 4G और 5G ग्राहक हर महीने औसतन 20.2GB डेटा इस्तेमाल कर रहे हैं। यह रोजाना करीब 673MB डेटा उपयोग के बराबर है, जो Jio और Airtel दोनों से कम है।
कंपनी का कुल नेटवर्क डेटा वॉल्यूम 7.8 बिलियन GB रहा। हालांकि Vi के लिए राहत की बात यह रही कि उसका ARPU बढ़कर 190 रुपये पहुंच गया है। कंपनी का कहना है कि 4G और 5G नेटवर्क पर अपग्रेड करने वाले ग्राहकों की संख्या बढ़ने से इसमें सुधार हुआ है।
कौन बना डेटा किंग?
जारी आंकड़ों के मुताबिक सबसे ज्यादा मोबाइल डेटा इस्तेमाल करने वाले यूजर्स Reliance Jio के हैं। दूसरी तरफ प्रति ग्राहक कमाई के मामले में Airtel ने अपनी बढ़त कायम रखी है। वहीं Vi अभी भी नेटवर्क विस्तार और ग्राहक वृद्धि पर फोकस कर रही है।












