JioBlackRock Flexi Cap Fund ने अपना पहला पोर्टफोलियो जारी किया। ₹1,500 करोड़ का पूरा निवेश 142 स्टॉक्स में किया गया है। सबसे ज्यादा फाइनेंशियल सेक्टर में निवेश हुआ। Aladdin AI तकनीक से पोर्टफोलियो तैयार किया गया।
JioBlackRock Flexi Cap Fund: अगर आपने JioBlackRock Flexi Cap Fund में निवेश किया है या करने का सोच रहे हैं, तो आपके लिए बड़ा अपडेट है। फंड ने अपना पहला पोर्टफोलियो जारी कर दिया है। इससे पता चलता है कि NFO पीरियड के दौरान जुटाए गए 1,500 करोड़ रुपये को कहां लगाया गया है। इस पोर्टफोलियो को BlackRock की AI-आधारित Aladdin तकनीक से तैयार किया गया है। यह सिस्टम मशीन लर्निंग, बिग डेटा और एक्सपर्ट्स के अनुभव को मिलाकर बेहतर और जोखिम कम करने वाली इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजी बनाता है।
₹1,500 करोड़ का पूरा निवेश बाजार में
JioBlackRock Flexi Cap Fund भारत का पहला एक्टिव इक्विटी फंड है। बेंचमार्क से बेहतर रिटर्न पाने के लिए फंड हाउस ने पूरे 1,500 करोड़ रुपये को बाजार में लगाया है। किसी भी तरह का कैश रिजर्व नहीं रखा गया है। आम तौर पर ज्यादातर फ्लेक्सी-कैप फंड रिडेम्प्शन या टैक्टिकल फैसलों के लिए कुछ कैश अलग रखते हैं, लेकिन इस फंड का पूरा पैसा मार्केट में है।
फंड में 142 शेयर और डाइवर्सिफिकेशन
वैल्यू रिसर्च की रिपोर्ट के अनुसार, फंड ने अब तक 142 स्टॉक्स में निवेश किया है। सबसे ज्यादा निवेश फाइनेंशियल सेक्टर में किया गया है, जो पोर्टफोलियो का 30.87 प्रतिशत है। इसके बाद इंडस्ट्रियल्स और टेक्नोलॉजी सेक्टर का नंबर आता है। कुल निवेश का लगभग 96 प्रतिशत इक्विटी में है। इस निवेश वितरण में लार्ज कैप शेयरों का हिस्सा सबसे अधिक है। लगभग 65 प्रतिशत लार्ज कैप, 21 प्रतिशत मिड कैप और 14 प्रतिशत स्मॉल कैप शेयरों में लगाया गया है।
फंड की टॉप 10 होल्डिंग्स
फंड की टॉप होल्डिंग्स में भारत की बड़ी और भरोसेमंद कंपनियां शामिल हैं। प्रमुख शेयरों में HDFC Bank (8.9%), ICICI Bank (5.4%), Reliance Industries (5.2%), Infosys (4.1%) और State Bank of India (3.4%) शामिल हैं। इन टॉप 10 होल्डिंग्स में प्राइवेट और सरकारी बैंकों का हिस्सा 17 प्रतिशत से अधिक है।
फंड का सेक्टोरल अलोकेशन
सबसे ज्यादा निवेश फाइनेंशियल सेक्टर में किया गया है, जहां लगभग 31 प्रतिशत पैसा लगा है। इसके बाद इंडस्ट्रियल्स और टेक्नोलॉजी सेक्टर में क्रमशः 14 प्रतिशत से ज्यादा निवेश है। कंज्यूमर डिस्क्रेशनरी और एनर्जी-यूटिलिटीज में भी अच्छा एक्सपोजर है। मटेरियल्स, कंज्यूमर स्टेपल्स और हेल्थकेयर सेक्टर में भी निवेश फैला है। हेल्थकेयर सेक्टर में फंड का हिस्सा 4.64 प्रतिशत है, जो कैटेगरी एवरेज से कम है। रियल एस्टेट और डाइवर्सिफाइड सेक्टर में फंड का एक्सपोजर बहुत कम है।
AI-आधारित निवेश मॉडल
इस फंड की सबसे बड़ी खासियत इसका AI-आधारित निवेश मॉडल है। यह BlackRock के ‘Systematic Active Equities’ (SAE) अप्रोच पर चलता है। SAE मॉडल बिग डेटा, एडवांस्ड एनालिटिक्स और एक्सपर्ट्स के अनुभव का इस्तेमाल करता है। इसका उद्देश्य बेहतर निवेश परिणाम देना और जोखिम कम करना है। पोर्टफोलियो का प्रबंधन Aladdin सिस्टम के जरिए होता है, जो दुनिया भर में बड़े एसेट मैनेजर्स उपयोग करते हैं। यह सिस्टम कंपनी के फंडामेंटल्स, वैल्यूएशन, मार्केट सेंटिमेंट और सोशल मीडिया ट्रेंड्स तक का विश्लेषण करता है ताकि उभरते रुझानों को समय रहते पकड़ा जा सके।












