शास्त्री नगर में पैसों के विवाद में महिला की हत्या कर शव पड़ोसी के घर फेंकने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। CCTV फुटेज और डॉग स्क्वॉयड की मदद से हत्या का खुलासा हुआ।
Jaipur: जयपुर के शास्त्री नगर थाना क्षेत्र में हुई महिला की हत्या का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दिया। इस मामले में पुलिस ने 26 वर्षीय जितेंद्र सिंह उर्फ जीतू को गिरफ्तार किया है। आरोपी लाइट की दुकान पर काम करता था और शास्त्री नगर की सुभाष कॉलोनी में रहता था। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला और आरोपी के बीच पैसों को लेकर विवाद हुआ था, जो हिंसक झगड़े में बदल गया और महिला की जान चली गई।
DCP (नॉर्थ) करण शर्मा के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी महिला के शव को प्लास्टिक के कट्टे में डालकर घसीटते हुए ले जाता दिखाई दे रहा है।
महिला के साथ थे, अवैध संबंध
पुलिस जांच में पता चला कि मृतक महिला शास्त्री नगर इलाके में अकेली रहती थी। आरोपी जीतू के महिला से अवैध संबंध थे और वह कई बार महिला के घर आता-जाता था। 21 दिसंबर की रात करीब 10 बजे वह महिला को लेकर उसके घर पहुंचा। दोनों के बीच संबंध बने, लेकिन कुछ देर बाद पैसों को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।
रात करीब 12:30 बजे विवाद इतना बढ़ गया कि महिला शोर मचाने लगी। इसी दौरान दोनों के बीच हाथापाई हुई। झगड़े में दोनों ने एक-दूसरे के चेहरे पर नाखूनों से हमला किया। हाथापाई के दौरान आरोपी ने महिला को धक्का दे दिया, जिससे उसका सिर दीवार में बनी पत्थर की अलमारी से टकरा गया।
खून बहने से मौके पर मौत
महिला के सिर में गंभीर चोट लगने से काफी खून बह गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी घबरा गया और रातभर शव के पास बैठा रहा। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान उसने शव को ठिकाने लगाने की योजना बना ली।
सुबह होने पर आरोपी ने घर को ताला लगाया और बाजार चला गया। वहां से उसने रस्सी और बड़ा प्लास्टिक का कट्टा खरीदा। वापस आकर उसने पूरे घर की सफाई की और फर्श व दीवारों पर फैले खून के निशान धो दिए। महिला का बैग भी सबूत मिटाने के लिए कहीं बाहर फेंक आया।
पड़ोसी के घर फेंकी लाश
सोमवार रात को आरोपी ने महिला के शव को कंबल में लपेटा और प्लास्टिक के बोरे में डालकर रस्सी से बांध दिया। रात करीब 3:50 बजे कॉलोनी में सन्नाटा होने के बाद उसने पहले आसपास रेकी की। इसके बाद वह शव को घसीटते हुए करीब 100 फीट दूर एक घर तक ले गया।
![]()
उस घर का मुख्य गेट खुला हुआ था, जिसे देखकर आरोपी ने शव को वहीं फेंक दिया और वापस अपने घर चला गया। वारदात के बाद वह निश्चिंत होकर सो गया।
कुत्ते की जांच से खुला पूरा मामला
मंगलवार सुबह शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आरोपी भी खुद को अनजान दिखाने के लिए आसपास घूमता रहा और पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखता रहा।
जब पुलिस ने डॉग स्क्वॉयड को बुलाया, तो आरोपी घबरा गया और अपने घर के अंदर चला गया। खोजी कुत्ता सबसे पहले शव के पास गया और फिर सीधे आरोपी के घर के बाहर पहुंच गया। इसके बाद पुलिस ने घर की तलाशी ली, जहां से हत्या से जुड़े अहम सबूत बरामद हुए।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। फिलहाल आरोपी से आगे की पूछताछ जारी है और मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।











