लव मैरिज का विरोध: महिला के अपहरण की कोशिश, भाई-जीजा ने बाल पकड़कर घसीटा

झुंझुनूं में लव मैरिज से नाराज परिजनों ने महिला का अपहरण किया। आरोपी बाल पकड़कर घसीटते हुए ले गए, CCTV में कैद वारदात, पुलिस जांच में जुटी।
लव मैरिज का विरोध: महिला के अपहरण की कोशिश, भाई-जीजा ने बाल पकड़कर घसीटा

देवरोड गांव में प्रेम विवाह को लेकर नाराज परिजनों ने हथियारों से लैस होकर घर में घुसकर विवाहिता को अगवा करने की कोशिश की। आसपास के लोगों के पहुंचते ही आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है।

jhunjhunu: झुंझुनूं जिले के पिलानी थाना इलाके के देवरोड गांव में सोमवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। लव मैरिज से नाराज विवाहिता के भाई, जीजा और उनके साथ आए 10 से ज्यादा लोगों ने हथियारों के साथ ससुराल में घुसकर किडनैप करने की कोशिश की। आरोपियों ने घर में जमकर तोड़फोड़ की और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि बदमाश पिस्टल, लाठी और डंडों से लैस होकर दो थार गाड़ियों में सवार होकर आए थे। उन्होंने घर के मुख्य दरवाजे तोड़ दिए और ससुर को बरामदे में पकड़कर उसकी कनपटी पर पिस्टल तान दी। आरोपियों ने परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।

कमरे से बाल पकड़कर घसीटी विवाहिता

परिजनों के अनुसार, आरोपी घर के अंदर घुसकर महिला की तलाश करने लगे। जैसे ही उन्हें एक कमरे में विवाहिता नजर आई, वे उसे बालों से पकड़कर घसीटते हुए बाहर ले आए। आरोपियों ने महिला को जबरन थार गाड़ी में बैठाने की कोशिश की।

इस दौरान महिला के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग जाग गए। पड़ोसी लाठियां लेकर मौके पर पहुंचे, जिससे घबराकर आरोपी महिला को छोड़कर फरार हो गए। जाते-जाते आरोपी विवाहिता का सोने का मंगलसूत्र भी छीन ले गए।

CCTV कैमरों में कैद पूरी वारदात

घटना के बाद पीड़ित परिवार ने बताया कि पूरी वारदात घर में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि किस तरह हथियारों से लैस लोग घर में घुसकर तोड़फोड़ कर रहे हैं और महिला को जबरन ले जाने की कोशिश कर रहे हैं।

लव मैरिज का विरोध: महिला के अपहरण की कोशिश, भाई-जीजा ने बाल पकड़कर घसीटा

पिलानी थाने के SHO चन्द्रभान सिंह के अनुसार अजय गुर्जर की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश जारी है।

इंस्टाग्राम से शुरू हुई दोस्ती

पीड़ित अजय गुर्जर (24) ने पुलिस को बताया कि वह देवरोड गांव का निवासी है, जबकि उसकी पत्नी पूनम (20) खेतड़ी की रहने वाली है। दोनों की पहचान करीब दो साल पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई।

अजय ने बताया कि पूनम की शादी बचपन में ही उसकी छोटी बहन के साथ नीमकाथाना के चला गांव में तय कर दी गई थी। वर्ष 2021 में दोनों बहनों की कम उम्र में शादी कर दी गई, लेकिन पूनम इस रिश्ते से खुश नहीं थी।

बालिग होने के बाद जब परिवार उसे जबरन ससुराल भेजने की तैयारी कर रहा था, तब पूनम ने अजय के साथ जीवन बिताने का फैसला किया। दोनों ने 29 जुलाई 2025 को जयपुर के झोटवाड़ा स्थित आर्य समाज मंदिर में शादी की और 30 जुलाई को विवाह का रजिस्ट्रेशन भी करा लिया।

पहले भी हो चुका है जानलेवा हमला

अजय गुर्जर ने बताया कि शादी के बाद जब वे झुंझुनूं एसपी ऑफिस में बयान दर्ज कराकर लौट रहे थे, तब भी पूनम के भाई अमित और उसके साथियों ने सदर थाना क्षेत्र में उनकी गाड़ी पर हमला कर दिया था। उस समय जान के डर से उन्होंने पुलिस में शिकायत नहीं की और कई दिनों तक सीकर में छिपकर रहना पड़ा।

अजय ने बताया कि कुछ महीनों से हालात शांत थे। पूनम ने मोबाइल बंद कर दिया था और वह काम के सिलसिले में हैदराबाद चला गया था। लेकिन जैसे ही वह गांव लौटा, आरोपियों ने रेकी कर दोबारा हमला कर दिया।

Leave a comment