जयपुर में बदहाल मूलभूत सुविधाएं: नई सड़क कुछ ही दिनों में टूटी, झुके ट्रांसफॉर्मर से बढ़ रहा हादसों का खतरा

जयपुर के कई वार्डों में नई सड़क के टूटने, झुके ट्रांसफॉर्मर, नाली की कमी और गंदगी जैसी समस्याओं से लोग परेशान हैं। शिकायतों के बावजूद समाधान न मिलने से नाराजगी

जयपुर के कई वार्डों में बदहाल मूलभूत सुविधाओं ने लोगों की दिक्कतें बढ़ा दी हैं। नई बनी सड़क कुछ ही दिनों में टूट गई, नाली व्यवस्था न होने से पानी जमा है। झुके ट्रांसफॉर्मर और कचरा समस्या से क्षेत्र में खतरा और गंदगी फैल रही है।

Rajasthan: जयपुर नगर निगम के कई वार्ड इन दिनों बुनियादी सुविधाओं की बदहाली से जूझ रहे हैं। कहीं हाल ही में बनी सड़क कुछ ही दिनों में टूटकर लोगों की आवाजाही में बाधा डाल रही है, तो कहीं नालियों की कमी के कारण गलियों में भरा गंदा पानी निवासियों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। कई क्षेत्रों में झुके हुए बिजली ट्रांसफॉर्मर दुर्घटना का बड़ा खतरा पैदा कर रहे हैं, वहीं कचरा प्रबंधन की कमजोर व्यवस्था से दुर्गंध और गंदगी लोगों के रोजमर्रा के जीवन को प्रभावित कर रही है। 

जयपुर के कई वार्डों में बुनियादी सुविधाओं की दुर्दशा लगातार बढ़ती जा रही है। नई बनी सड़कों का कुछ ही दिनों में उखड़ जाना, नाली व्यवस्था की कमी, झुके हुए बिजली ट्रांसफॉर्मर और कचरा-सीवर की समस्याएं स्थानीय निवासियों की रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित कर रही हैं। अनेक शिकायतों के बावजूद समस्याओं का समाधान न होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

नई सड़क कुछ ही दिनों में बदहाल

वार्ड 47 गोविंदपुरा के निवासी राहुल कुमावत बताते हैं कि इलाके में हाल ही में सड़क का निर्माण हुआ था, लेकिन कुछ ही दिनों में सड़क पूरी तरह टूटने लगी। अब हालत यह है कि पास मौजूद पेट्रोल पंप तक पहुंचना भी मुश्किल हो गया है। गड्ढों और उखड़ी सड़क के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहनों को लगातार नुकसान का खतरा बना हुआ है। उन्होंने बताया कि कई बार शिकायत करने के बाद भी सुधार कार्य शुरू नहीं हुआ।

जयपुर में बदहाल मूलभूत सुविधाएं: नई सड़क कुछ ही दिनों में टूटी, झुके ट्रांसफॉर्मर से बढ़ रहा हादसों का खतरा

नाली नहीं, गली में जमा गंदा पानी

वार्ड 14 आनली नगर, जैसिंहपुरा खोर में रहने वाली कृष्णा का कहना है कि इलाके में वर्षों से नाली का निर्माण नहीं हुआ। परिणामस्वरूप घरों का गंदा पानी सड़क पर बहता है और जगह-जगह जमा होकर कीचड़ में बदल जाता है। इससे न सिर्फ बदबू फैलती है बल्कि राहगीरों के लिए फिसलन भी बढ़ गई है। दोपहिया वाहन सड़क पर बार-बार फिसल रहे हैं, जिससे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी हुई है।

झुका ट्रांसफॉर्मर बना दुर्घटना का खतरा

वार्ड 26 सैयद कॉलोनी के निवासी अनवर अली बताते हैं कि जेवीएनएल का लगाया हुआ ट्रांसफॉर्मर काफी झुक गया है और किसी भी समय गिर सकता है। ट्रांसफॉर्मर की डीपी सीधे जमीन पर रखी हुई है, जिससे हादसे की आशंका और भी बढ़ जाती है। कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को शिकायत देने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।

कचरे और सीवर की मार

वार्ड 58 में रहने वाले जय सिंह के अनुसार बगरू वाला रोड, गोपीनाथ जी मंदिर के पास प्रतिदिन कचरे का बड़ा ढेर जमा रहता है। दुकानदारों और आसपास के लोगों द्वारा सड़क किनारे फैंका गया कचरा पूरे इलाके में बदबू फैलाता है। सीवर लाइन की खराब स्थिति भी लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनी हुई है। स्थानीय निवासियों की मांग है कि यहां नियमित सफाई, सीवर मरम्मत और कूड़ेदान की उचित व्यवस्था की जाए।

Leave a comment