पुलिस की कार्रवाई में 1380 लीटर नकली घी, सैकड़ों लीटर तेल, अमूल, कृष्णा, महान और सरस ब्रांड के हजारों रैपर, पैकिंग थैलियां और पाउच पैकिंग मशीनें जब्त की गईं। आरोपी हनीष अपने साथी सुभाष शर्मा के साथ मिलकर यह अवैध कारोबार चला रहा था। मामले में बीएनएस, कॉपीराइट एक्ट और ट्रेडमार्क एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच जारी है
jaipur: जयपुर-उत्तर डीएसटी टीम और जयसिंहपुराखोर थाना पुलिस को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि मानपुर क्षेत्र में नकली घी का एक बड़ा कारखाना चल रहा है, जहां कई ब्रांड के नाम पर बनावटी घी तैयार कर सप्लाई किया जा रहा है। मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना और तकनीकी निगरानी के बाद मंगलवार को पुलिस ने अफजल विहार कॉलोनी में दबिश दी।
जैसे ही टीम कारखाने में पहुंची, अंदर अलग-अलग टबों और ड्रमों में बड़ी मात्रा में खुला घी, वनस्पति तेल और रिफाइंड तेल मिला। मौके पर बिखरी पैकिंग सामग्री और चल रही मशीनें देखकर पुलिस को यकीन हो गया कि यहां बड़े पैमाने पर फैक्ट्री जैसी व्यवस्थित व्यवस्था के साथ यह कारोबार चल रहा था।
जांच के दौरान जयपुर डेयरी के लैब असिस्टेंट सुमित कुवांडा को मौके पर बुलाया गया। उन्होंने सैंपल टेस्ट कर पुष्टि की कि बरामद घी असली डेयरी उत्पाद से बिल्कुल अलग है और पैकिंग भी नकली है। इससे साफ हुआ कि आरोपी बाजार में बड़े ब्रांड के नाम से फर्जी घी सप्लाई कर रहे थे
क्या-क्या बरामद हुआ
छापेमारी के दौरान पुलिस को कारखाने से भारी मात्रा में नकली घी और ब्रांडेड पैकिंग सामग्री मिली। जांच में 1380 लीटर तैयार नकली घी, 194 लीटर महान घी, 450 लीटर सरस ब्रांड का घी और 390 लीटर रिफाइंड सोयाबीन तेल बरामद हुआ।
इसके अलावा बड़ी मात्रा में वनस्पति तेल भी मिला, जिसे मिलाकर नकली घी तैयार किया जाता था। मौके से अमूल ब्रांड के 24 खाली टीन, कृष्णा घी के 3400 रैपर, महान घी के 1600 रैपर, 1400 पैकिंग थैलियां और सरस ब्रांड की 100 थैलियां भी जब्त की गईं।
पुलिस ने पाउच पैकिंग मशीन, इलेक्ट्रिक कांटा, बड़े भगौने, गैस सिलेंडर, चूल्हे और अन्य पैकिंग उपकरण भी कब्जे में लिए। बरामद सामग्री से साफ जाहिर है कि आरोपी लंबे समय से बड़े ब्रांडों की पैकिंग का सहारा लेकर नकली घी को असली बताकर बाजार में सप्लाई कर रहे थे। पैकिंग इतनी मिलती-जुलती थी कि आम उपभोक्ता के लिए असली और नकली के बीच अंतर करना लगभग असंभव था।
कैसे चलता था नकली घी बनाने का धंधा?
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और उसका साथी सुभाष शर्मा लंबे समय से यह पूरा कारोबार चला रहे थे। वे सस्ते वनस्पति तेल और रिफाइंड तेल को मिलाकर उसे घी की तरह तैयार करते थे। फिर बड़े ब्रांडों के रैपर और पैकिंग में भरकर इसे बाजार में सप्लाई कर देते थे।
इस नेटवर्क के जरिए इनका मकसद कम लागत में अधिक मुनाफा कमाना था। आरोपी घी की असली पैकिंग की नकल करते थे ताकि ग्राहक को धोखा देना आसान हो जाए। यह उत्पाद दुकानों, छोटे डेयरी आउटलेट्स और गांवों में थोक में बेचा जाता था, जहां पहचान का जोखिम कम रहता है।
कौन है गिरफ्तार आरोपी?
पुलिस ने मुख्य आरोपी हनीष (36) पुत्र कल्लू खां, निवासी अफजल विहार कॉलोनी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि, वह अपने साथी सुभाष शर्मा के साथ मिलकर इस कारोबार को चला रहा था।दोनों लंबे समय से विभिन्न ब्रांडों के नाम पर नकली घी तैयार कर रहे थे। उन्होंने अलग-अलग ब्रांडों के रैपर, टीन और पैकिंग सामग्री बाजार से इकट्ठी कर रखी थी। पुलिस अब फरार आरोपी सुभाष शर्मा की तलाश कर रही है।
पुलिस की टीम ने ऐसे की कार्रवाई
डीसीपी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त प्रथम नीरज पाठक (RPS) और एसीपी आमेर सुरेंद्र राणावत (RPS) की निगरानी में डीएसटी प्रभारी दिलीप कुमार सोनी और जयसिंहपुराखोर थानाधिकारी राजेश शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। टीम ने पहले इलाके की गुप्त जांच की, फिर प्लान बनाकर अचानक दबिश दी।
कारखाने में पहुंचने पर आरोपी हनीष भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मौके पर मौजूद मशीनें चालू हालत में थीं, जो बता रही थीं कि उत्पादन जारी था।











