भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने अपनी छात्र इकाई NSUI (नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया) के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में राजस्थान के कद्दावर छात्र नेता विनोद जाखड़ को नियुक्त किया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की मंजूरी से यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।
NSUI National President|: कांग्रेस ने शुक्रवार को विनोद जाखड़ को अपनी छात्र इकाई भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी के संगठन महासचिव सी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने जाखड़ को तत्काल प्रभाव से एनएसयूआई का अध्यक्ष नियुक्त किया। विनोद जाखड़ ने इस पद पर वरुण चौधरी का स्थान लिया है।
विनोद जाखड़ को NSUI का अध्यक्ष बनाने से पहले कांग्रेस नेतृत्व ने इस पद के लिए कई दावेदारों का इंटरव्यू लिया था। जाखड़ इस समय NSUI की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत थे और छात्र राजनीति में उनका लंबा अनुभव रहा है। इसके अलावा उन्होंने राजस्थान विश्वविद्यालय छात्र संघ के अध्यक्ष पद पर भी अपनी छवि बनाई है।
विनोद जाखड़ कौन हैं?
विनोद जाखड़ का जन्म 7 सितंबर 1994 को राजस्थान के जयपुर जिले के मेढ गांव (विराटनगर तहसील) में हुआ। वह एक सामान्य दलित परिवार से आते हैं। चार भाई-बहनों में सबसे बड़े होने के नाते विनोद ने सात साल की उम्र में परिवार के साथ जयपुर शिफ्ट होकर अपनी पढ़ाई शुरू की। शिक्षा के क्षेत्र में विनोद ने राजस्थान विश्वविद्यालय से पॉलिटिकल साइंस में बीए किया। इसके बाद उन्होंने सोशियोलॉजी (सामाजशास्त्र) में एमए किया। वर्तमान में वह राजस्थानी भाषा में एमए कर रहे हैं।
विनोद ने पढ़ाई के साथ-साथ छात्र हितों के लिए भी सक्रिय रूप से काम किया। वे NSUI के एक्टिव सदस्य रहे और कई कार्यक्रमों में भाग लेकर छात्र राजनीति में अपनी पहचान बनाई।
![]()
छात्र राजनीति में उठाया कदम
विनोद जाखड़ ने अपने छात्र जीवन में कई महत्वपूर्ण पद संभाले:
- 2014: राजस्थान कॉलेज के अध्यक्ष चुने गए।
- 2018: राजस्थान विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में NSUI से टिकट नहीं मिलने के बावजूद उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ा और अगस्त 2018 में छात्र संघ अध्यक्ष चुने गए।
- फरवरी 2024: राजस्थान NSUI के प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए।
इन उपलब्धियों ने उन्हें NSUI का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के योग्य उम्मीदवार साबित किया। NSUI की कमान संभालना छात्र राजनीति में एक बड़ी जिम्मेदारी है। विनोद जाखड़ अब पूरे देश में NSUI के सभी कार्यक्रमों और नीतियों के संचालन के लिए जिम्मेदार होंगे।









