केरल सरकार ने स्थानीय निकाय चुनाव के बीच SIR प्रक्रिया पर रोक के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की। सरकार का तर्क है कि प्रक्रिया जारी रहने से चुनाव प्रशासन प्रभावित होगा और मतदाता सूची में जटिलताएं बढ़ेंगी।
New Delhi: केरल में स्थानीय निकाय चुनावों के बीच राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। सरकार ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान यानी SIR (Special Intensive Revision) प्रक्रिया के खिलाफ याचिका दाखिल की है और तत्काल स्थगन की मांग की है। राज्य का कहना है कि इस समय इस प्रक्रिया को जारी रखने से चुनावी व्यवस्था और प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो सकते हैं।
मुख्य सचिव डॉ. ए. जयतिलक ने सरकार की ओर से सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। याचिका में स्पष्ट किया गया है कि SIR प्रक्रिया के दौरान जो कदम उठाए जा रहे हैं, वे देश के लोकतांत्रिक ढांचे और राज्य की राजनीतिक स्थिरता के लिए अनुकूल नहीं हैं। सरकार ने न्यायालय से आग्रह किया है कि स्थानीय निकाय चुनाव पूरे होने तक इस प्रक्रिया को रोकने का आदेश दिया जाए।
स्थानीय निकाय चुनाव और SIR प्रक्रिया के बीच टकराव
केरल में 21 दिसंबर को स्थानीय निकायों में नई परिषद या बॉडी कार्यभार संभालने वाली है। ऐसे में राज्य सरकार ने चिंता जताई है कि अगर इस समय SIR प्रक्रिया जारी रहती है तो चुनाव के बाद प्रशासनिक गतिरोध और मतदाता सूची से जुड़ी जटिलताएं बढ़ सकती हैं।
सरकार ने याचिका में कहा कि चुनाव प्रक्रिया और SIR कार्यवाही एक साथ चलाने से कार्यक्षमता प्रभावित होगी। यही कारण है कि केरल ने सुप्रीम कोर्ट से 21 दिसंबर तक SIR की सभी गतिविधियों पर तुरंत रोक लगाने का आदेश देने का आग्रह किया है।
हाई कोर्ट के फैसले के बाद सीधे सुप्रीम कोर्ट का रुख
इससे पहले राज्य सरकार इस मामले को हाई कोर्ट में ले गई थी। हालांकि, हाई कोर्ट ने कहा कि SIR से जुड़े सभी अन्य याचिकाएं सुप्रीम कोर्ट में लंबित हैं। इसलिए हाई कोर्ट ने सरकार को सलाह दी कि वह सीधे सुप्रीम कोर्ट जाए। इसके बाद ही केरल सरकार ने सर्वोच्च न्यायालय में याचिका दाखिल की।
केरल में SIR प्रक्रिया की वर्तमान स्थिति
केरल में अन्य 11 प्रदेशों की तरह 4 नवंबर से मतदाता सूची शोधन अभियान जारी है। इस प्रक्रिया के तहत राज्य के 96.15 फीसदी मतदाताओं तक गणना फॉर्म पहुंचा दिए गए हैं। अब तक कुल 24,468 बूथ लेवल ऑफिसर और 54,624 बीएलए घर-घर जाकर 2,67,78,609 फॉर्म वितरित कर चुके हैं।
भरे गए फॉर्म में से 1.04 फीसदी यानी लगभग दो लाख 89 हजार 795 फॉर्म को डिजिटलाइज्ड भी किया जा चुका है। इस प्रक्रिया से यह साफ होता है कि SIR कार्यवाही बड़े पैमाने पर चल रही है और इसे रोकने का असर व्यापक प्रशासनिक स्तर पर पड़ेगा।
केरल सरकार का तर्क
केरल सरकार का कहना है कि इस समय राज्य में स्थानीय निकाय चुनाव प्रक्रिया चल रही है। इसके साथ ही SIR प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सरकार का तर्क है कि यदि चुनाव प्रक्रिया और SIR दोनों साथ-साथ चलेंगे तो मतदाता सूची और चुनाव प्रशासन में जटिलताएं पैदा होंगी।
याचिका में यह भी उल्लेख किया गया है कि चुनाव के दौरान प्रशासनिक कार्य में बाधा उत्पन्न होने की संभावना है और इससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। सरकार ने सुप्रीम कोर्ट से कहा है कि इसे रोकने के लिए तत्काल आदेश जारी किया जाए।
सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई की तारीख
सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले को शुक्रवार तक के लिए निर्धारित कर दिया है। केरल सरकार के वकील ने मांग की थी कि मामले की सुनवाई कल ही की जाए। हालांकि, मुख्य न्यायाधीश ने इसे अस्वीकार कर दिया और कहा कि शुक्रवार को ही सुनवाई होगी।











